- Hindi News
- डिफाल्टरों और बिजली चोरों पर मंगलवार से कसा जाएगा शिकंजा
डिफाल्टरों और बिजली चोरों पर मंगलवार से कसा जाएगा शिकंजा
बिजलीकी चोरी करने एवं समय पर बिजली बिल अदा करने पर डिफाल्टर हुए उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसने के लिए निगम के अधिकारियों ने कमर कस लिए हैं।
निगम का कनीना सब डिवीजन में पंचायतों एवं बड़े उपभोक्ताओं की ओर करोड़ों रुपए राशि फंसी पड़ी है। ऐसे उपभोक्ताओं पंचायतों को निगम की ओर से अंतिम बार दो दिसंबर को सात दिन का नोटिस जारी कर बिल की राशि अदा करने को कहा गया था। लेकिन उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है।
इस नोटिस की प्रति एसडीएम कनीना खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के अलावा निगम के डीजीएम को प्रेषित की गई थी। इस नोटिस की अवधी मंगलवार 9 दिसंबर को पूरी हो रही है। तय समय सीमा बीत जाने के बाद निगम के अधिकारियों द्वारा ताबड़-तोड़ छापेमारी की जाएगी, वहीं कनेक्शन भी काटे जाएंगे। बिजली चोरी करने वालों पर निगम की ओर से आपराधिक मुकदमे भी दर्ज किए जाएंगे। निगम के एसडीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि कनीना खंड की 12 पंचायतों जिनमें धनौंदा, रसूलपुर, छितरोली, पड़ताल, मानपुरा, चेलावास, खरकड़ा बास, उन्हाणी, ककराला, सिहोर, उच्चत, ढाणा को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उपरोक्त सरपंचों को नोटिस जारी करने से पूर्व निगम के अधिकारियों की ओर से लिखित, मौखिक दूरभाष पर बिल की राशि अदा करने को कहा गया था लेकिन पंचायतों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।
धनौंदा से शुरू होगा कनेक्शन काटो अभियान
बिजलीनिगम के एसडीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि धनौंदा की पंचायत की ओर से बिजली बिल के 44 लाख रुपए लंबित हैं। बिल की राशि अदा नहीं करने को लेकर पंचायत को कई बाद नोटिस दिए जा चुके हैं। परंतु पंचायत ने बिल भरने की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं की ओर से 2 हजार रुपए से अधिक के बिल बकाया है, उनके कनेक्शन काटने के लिए मंगलवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसकी शुरुआत धनौंदा गांव से की जाएगी। उन्होंने बताया कि पंचायतों की ओर से कुल 67 लाख 73 हजार 573 रुपए का बिल बकाया है।