समाज के विकास में युवा निभाएं महत्वपूर्ण भूमिका : कविता जैन
शहरीस्थानीय निकाय, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण मंत्री कविता जैन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विचारधारा अच्छे भविष्य का संकेत है। उनकी विचारधारा पर खरा उतरने के लिए प्रदेश सरकार लगातार जनकल्याण कारी नीतियों को लागू कर रही है। उन्होंने युवा वर्ग से आह्वान किया कि वह समाज के विकास के लिए मिलजुल कर काम करें।
खरखौदा उपमंडल के गांव झिंझौली में आयोजित मेले का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि मेला एकता एवं संगठित होने की मिसाल पेश करता है। एक संस्था द्वारा दो दशक से आस-पास के 20 गांवों के लोगों के साथ मिलकर आयोजित किया जा रहा मेला आमजन के अंदर आपसी भाईचारे की मिठास को घोलता है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बेटियों को सशक्त बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास को हरियाणा की जनता ने सराहा है। उन्होंने युवा वर्ग से भी आह्वान किया कि वह प्रधानमंत्री के स्टार्ट अप कैंपेन, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत-सशक्त भारत समेत विभिन्न कार्यक्रम के जरिए देश के अंदर सकारात्मक माहौल बनाने में योगदान दें।
दौड़़ में बबीता रही प्रथम
इसदौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। मटका दौड में बबीता ने प्रथम एवं प्रोमिला ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कैबिनेट मंत्री ने पौधारोपण भी किया। इस दौरान संस्था के मुख्य संयोजक प्रमोद आश्रे, उपाध्यक्ष मुकेश त्रिपाठी, शिक्षाविद प्रोफेसर एचएल शर्मा, डॉ. रमेश चंद्र मेहता, आजाद सिंह आर्य, उत्तर क्षेत्र संघ कार्यकारिणी सदस्य एवं दिल्ली भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री विजय शर्मा, आदर्श ग्राम योजना के संयोजक एवं सर छोटूराम ग्राम सेवा संघ के कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, सर छोटूराम ग्राम सेवा संघ के अध्यक्ष रामकुमार, अनंत राम आदि मौजूद रहे।