- Hindi News
- हलालपुर निवासी रोहित के तीन हत्यारे गिरफ्तार
हलालपुर निवासी रोहित के तीन हत्यारे गिरफ्तार
गांव हलालपुर निवासी रोहित की गला दबाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी गांव हलालपुर निवासी आशीष उर्फ पकोड़ा, कर्मबीर उर्फ गप्पड़ उर्फ सोनू तथा प्रवीन उर्फ मोनू हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। इस मामले में एक आरोपी मूलरूप से गांव हलालपुर फिलहाल गांव सराय औरंगाबाद, झज्जर निवासी धर्मबीर उर्फ धर्मा उर्फ बबलू को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता जगजीत सिंह ने बताया कि दो फरवरी को गांव हलालपुर निवासी तेज सिंह ने थाना खरखौदा में शिकायत दी थी कि उसके 17 वर्षीय लड़के रोहित को गांव का आशीष उर्फ पकोड़ा, कर्मबीर उर्फ गप्पड़ एक अन्य 27 जनवरी को उसके घर से बुलाकर ले गए थे। उसकी बेटी को लड़का हुआ था और आरोपी उसके बेटे को पार्टी देने की बात कहकर ले गए थे। बाद में उसका बेटा घर नहीं लौटा। तीनों आरोपी भी गांव से फरार हो गए। उसे शक है कि उसके बेटे को बंधक बनाया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ बंधक बनाकर रखने का मामला दर्ज किया था। मामले की कार्रवाई करते हुए सैदपुर चौकी प्रभारी रमेश कुमार की टीम ने एक आरोपी धर्मबीर को गिरफ्तार किया था। जिसने बताया कि उन्होंने घटना के दिन हलालपुर नहर के पास शराब पी थी। नशे में उनका रोहित के साथ झगड़ा हो गया और इसी झगड़े में उसकी गला दबाकर हत्या करने के बाद उसके शव को नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने मामले में अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। चौकी प्रभारी रमेश कुमार की टीम ने मामले में अब आरोपी आशीष, कर्मबीर प्रवीन उर्फ मोनू को भी काबू कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर ली है। पुलिस ने तीनों को गांव हलालपुर के पास से ही काबू किया है। आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने रोहित के शव को हैदरपुर, दिल्ली से बरामद किया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने शराब के नशे में कार के अंदर ही गांव हलालपुर के पास रोहित की कपड़े से गला दबाकर हत्या कर दी थी। बाद में शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए गांव हरेवली, दिल्ली जाकर नहर में फेंक दिया था। हालांकि बाद में पुलिस ने रोहित के शव को बरामद कर लिया था।