कबड्डी में भिवानी आैर कैथल विजयी
सिलानागांव में चल रही दो दिवसीय 11वीं राज्य स्तरीय हरियाणा स्टाइल कबड्डी प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में महिला पुरुष वर्ग में 21-21 टीमों ने हिस्सा लिया था। जिसमें लड़कों के वर्ग में रोहतक को मात देते हुए कैथल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया वहीं लड़कियों में जींद की टीम को हराकर भिवानी की टीम पहले स्थान पर रही। युवा क्लब सिलाना की और से आयोजित करवाई गई इस कबड्डी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष राज सिंह दहिया गजे सिंह एडवोकेट ने शिरकत की।
खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए राज सिंह ने कहा कि खेल को खेलते समय एक खिलाड़ी के अंदर खेल भावना को होना बहुत ही जरूरी है। खेल जहां एक और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए बहुत ही जरूरी है वहीं समाज को बांधकर रखने मेंं खेलों का बड़ा योगदान रहा है। इस लिए समय-समय पर इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने मुख्य रूप से महिला वर्ग में हिस्सा ले रही खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि लड़कियों को जितना ज्यादा हो खेलों के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में हिस्सा लेना चाहिए। लड़कियों की उन्नति ही समाज को दशा दिशा देने का काम कर सकती है। इस अवसर पर उन्होंने सभी विजेता टीमों को बधाई दी।
एडवोकेट गजे सिंह ने इस अवसर पर कहा कि खेलों में युवाओं का भविष्य उज्ज्वल है। इस अवसर पर आयोजन समिति सदस्य कुलदीप ने बताया कि दो दिवसीय इस कबड्डी प्रतियोगिता में राज्य की 42 टीमों ने हिस्सा लिया था। जिसमें 21 महिला 21 पुरुष वर्ग की टीमें शामिल थी। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में कैथल पहले, रोहतक दूसरे भिवानी तीसरे स्थान पर रही। महिला वर्ग में भिवानी ने पहला,जींद ने दूसरा सोनीपत पलवल ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। इस अवसर पर समिति सदस्य संजय, देवेंद्र, कृष्ण, धर्मेंद्र आदि मौजूद रहे।
खरखौदा. राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की विजेता टीम को पुरस्कृत करते मुख्यातिथि गजे सिंह एडवोकेट।