लड़कियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी हिस्सा लेना चाहिए
गुर्जरकन्यागुरुकुल काॅलेज देवधर में खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए महाराजा अग्रसेन कालेज के प्रिंसिपल पीके वाजपेयी ने कहा कि लड़की होना गर्व की बात है। पहले अच्छी लड़की बने फिर कुछ और बनने की जरूरत ही नहीं रहेगी। जो कुछ भी करें उत्कृष्टता पूरे मनोयोग के साथ करना चाहिए। वाजपेयी ने कहा कि देवधर गुरुकुल ने प्रो. ओमप्रकाश गांधी के प्रयासों से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के मिशन को हकीकत में बदल कर रख दिया है।
देवधर गुर्जर कन्या गुरुकुल काॅलेज में प्रिंसिपल पीके वाजपेयी द्वारा स्पोर्ट्स मीट का खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर विधिवत खेलों का शुभारंभ किया गया। संस्थान की डायरेक्टर एवं स्कूल प्रिंसिपल शकुंतला वर्मा ने कहा कि अब जमाना बदल गया है। संस्थान के संस्थापक समाजसेवी प्रो. ओम प्रकाश गांधी ने कहा कि खेलों में भाग लेने से दौलत शोहरत दोनों मिलती हैं। सरकार खिलाड़ियों को अच्छी प्रोत्साहन राशि सरकारी नौकरियों में अच्छे पद देकर सम्मानित कर रही है। काॅलेज प्रिंसिपल डाॅ. ममता शर्मा ने कहा कि खेलों में भाग लेने से भविष्य उज्ज्वल बनता है। खेलों से लड़कियां अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकती हैं। खेलों में ओवरआल ट्राफी बीकाम की छात्रा कु. शीतल के नाम रही। स्कूल टीचर के बीच हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में टीचर नुसरत प्रथम, पिंकेश द्वितीय तथा यशोदा तृतीय स्थान पर रही। लड़कियों की सौ मीटर रेस में शीतल आयुषी पहले स्थान पर रही। दो सौ मीटर रेस में चेतना शीतल को पहला स्थान मिला। मटका रेस में चेतना शीतल फस्ट रही। रस्साकशी में लक्ष्मीबाई टीम को पहला स्थान मिला। म्यूजिकल चेयर मुकाबले में ज्योति प्रथम रही। सभी खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डाॅ. बहादुर सिंह, संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौ. रतन सिंह देवधर, प्रो. ओम प्रकाश गांधी, प्रिंसिपल ममता शर्मा, डायरेक्टर शकुंतला वर्मा , प्रबंधक डाॅ. यशपाल सिंह, एडवोकेट जयकरण सिंह, सुदेश नंदगढ़, वेद प्रकाश उपस्थित रहे। मंच संचालन डाॅ. रितू शर्मा द्वारा किया गया।