हादसों का राजमार्ग बना एनएच-71, रेवाड़ी-रोहतक के बीच आए दिन हो रहीं दुर्घटनाएं
कोसली। रेवाड़ी-रोहतक के बीच हाईवे-71, आए दिन हादसे, मगर गौर करने वाला कोई नहीं। हादसों की बड़ी वजहों में ही शामिल हैं हाई-वे की खामियां। कंपनी की तरफ से जुलाई 2013 में इस रोड का निर्माण पूरा कर दिया गया था।
सितंबर 2013 में कंपनी ने टोल भी वसूलना शुरू कर दिया था। लेकिन पूरी तरह तैयार कहे जाने वाले हाई-वे में अब भी कई खामियां है, जो कि हादसों का एक बड़ा कारण रही हैं। शुक्रवार को भी हाई-वे पर पाल्हावास चौक पर हुए हादसे में ट्रक की टक्कर से लिसान निवासी विकास की मौत हो गई थी। वहीं 4 जनवरी को ट्रक की टक्कर में गुरावड़ा निवासी विकास की मौत हो गई थी। चौराहों में गुरावड़ा, पाल्हावास, खेडा, रोहडाई टहना में बने चौराहे खतरनाक साबित हो रहे हैं।
अंडरपास या ओवरब्रिज भी नहीं : हाई-वेसे हर रोज बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, नौकरी पेशा लोग अन्य ग्रामीण गुजरते हैं। यहां पर अंडरपास या ओवरब्रिज तक नहीं बनाया गया है। इस कारण लोगों को जान जोखिम मेंं डालकर ही हाई-वे को पार करना पड़ता है।
लोग काफी समय से अंडरपास बनाए जाने की मांग प्रशासन के सामने उठाते रहे हैं। लोगों ने गत माह एक युवक की जान जाने के बाद यहां पर ब्रेकर बनवा दिया था, मगर यह ब्रेकर ही वाहनों के अनियंत्रित होने का कारण बनने लगा तो लोगों ने खुद ही हटा दिया।
लाइटों के नीचे अंधेरा : हाईवेपर चौराहे, रिहायशी क्षेत्र एवं फ्लाईओवर पर रात में रोशनी के लिए लगाई स्ट्रीट लाइटों के नीचे पिछले कई माह से अंधेरा ही छाया रहता है। जिससे रात में भी हाईवे पर खासकर रिहायशी क्षेत्र एवं चौराहों पर हादसों का अंदेशा अधिक रहता है। कई बार हादसे हुए भी हैं। कंपनी कर्मचारियों की ही माने तो जनरेटर में तेल के अभाव तथा नए ठेकेदार को लाइट जलाने के कार्य की ठेकेदारी देने के इंतजार में स्ट्रीट लाइटें नहीं जल पा रही।
लेकिन अब जवाब देने वाला कोई नहीं कि यदि अंधेरे में हाईवे पर हादसा होता है तो जिम्मेदार कौन होगा। वहीं पाल्हावास के नजदीक बने आरओबी पर स्ट्रीट लाइट पिछले 4 माह से टूटी हुई हैं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने हाईवे 71 की देखरेख एवं निर्माण की जिम्मेदारी कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस-वे प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को दी। अब इस हाईवे की देखरेख केपीएल के अंतर्गत है।
कंपनी डेढ़ साल से टोल तो वसूल रही है, लेकिन हाईवे की खामियां अब तक दूर नहीं हो पाई हैं। वहीं केपीएल द्वारा टोल प्लाजा की जिम्मेदारी फीड बैक कंपनी को दी हुई है। लेकिन टोल प्लाजा पर भी स्टाफ के अभाव में बनी छह लाइनों मे से तीन ही चल पाती है। जिसके चलते टोल प्लाजा पर भी अधिकतर जाम की स्थिति रहती है।
'' हाईवे की खामियों को दूर किए जाने को लेकर कंपनी को पत्र लिखा जा चुका है। अब फिर से पत्र भेजकर उन्हें इस मामले से अवगत कराया जाएगा।'' -ओमप्रकाश, रोड सेफ्टी इंचार्ज
सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत
कोसली | अहमदपुरपडतल गांव के समीप गुरुवार रात हुई सड़क दुर्घटना में वैन में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। बुडौली निवासी संदीप उसके मामा का बेटा दिल्ली निवासी शिव कुमार वैन चालक बहरोड़ निवासी राजसिंह झाड़ली बिजली प्लांट में कंपनी के किसी कार्य से गए थे। वैन राजसिंह चला रहा था। वापसी में रात करीब साढ़े आठ बजे अहमदपुर पडतल के समीप वैन तेज गति में होने के कारण सड़क के साथ खड़े सफेदे के पेड़ से टकरा गई। टक्कर लगने से शिव कुमार चालक राजसिंह घायल हो गए।
संदीप ने दोनों को वैन से निकाल कर मौके पर पहुंची एंबुलेंस से कोसली के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने शिव कुमार को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर संदीप के बयान पर वैन चालक राजसिंह के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।