पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सिर में ईंट मारकर बुजुर्ग की हत्या

सिर में ईंट मारकर बुजुर्ग की हत्या

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लाडवा। अपने पशुओं के बाड़े में सो रहे एक व्यक्ति को ईंट मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद से ही नौकर फरार है। पुलिस ने नौकर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर नौकर की तलाश शुरू कर दी है। लाडवा के वार्ड-14 के रहने वाले तेजेंद्र पाल ने बताया कि उसके पिता सिंह राम रोजाना की तरह खाना खाकर शनिवार रात को अपने पशुओं के बाड़े में सोने के लिए गए थे। रविवार को सुबह जब उसकी मां पशुओं का दूध निकालने गई तो बार-बार आवाज लगाने के बाद भी मेन गेट खोलने नहीं आए। तब उसकी मां किसी तरह अंदर गई तो देखा कि उनके पिता सिंहराम खून से लथपथ बिस्तर पर पड़े हैं।
मौके पर एक ईंट भी खून से लथपथ पड़ी थी। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। तेजेंद्र पाल ने बताया कि वह भी मौके पर पहुंचा तो पाया कि उसके पिता के सिर पर ईंट से कई वार करके हत्या की गई है। घटना के बाद लाडवा में दहशत का माहौल है। 73 वर्षीय सिंहराम लाडवा में ही अर्जनविस का काम करता था।

नौकर का पूरा पता लेना जरूरी : लाडवा थाना प्रभारी छोटू राम ने कहा कि अपने घर अपने व्यवसाय पर नौकर को रखने से पहले उसके बारे में पूरी जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। नौकर का पहचान पत्र उसकी स्वयं की फोटो भी अपने पास रखें, ताकि कभी भी कोई घटना होने पर फरार हुए नौकर को समय रहते पकड़ा जा सके।


डीएसपी नुपूर बिश्रोई, लाडवा थाना प्रभारी छोटू राम कैथल की फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की और नमूने भी जुटाए। पुलिस ने हत्या के लिए इस्तेमाल की गई ईंट को भी कब्जे में लिया। लाडवा थाना प्रभारी छोटू राम ने बताया कि प्राथमिक जांच से यह स्पष्ट हुआ है कि सिंहराम 10 दिसंबर को ही इस नौकर को अंबाला रेलवे स्टेशन से लेकर आया था।
उन्होंने बताया कि परिजनों को उसके नाम के अलावा कुछ नहीं पता है। हत्या के बाद से मृतक का एक मोबाइल भी गायब है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने फरार नौकर को पकड़ने के लिए अंबाला कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के साथ-साथ कई अन्य स्थानों पर भी दबिश दी है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

तेजेंद्र पाल ने बताया कि 10 दिसंबर को ही उन्होंने अजय नाम का नौकर खेती के काम के लिए रखा था, जो घटना के बाद से ही फरार है। नौकर उसके पिता के साथ ही पशुओं के बाड़े में बने कमरे में सोता था। तेजेंद्र ने आरोप लगाया कि नौकर ने ही उसके पिता पर ईंट से हमला किया और उनकी हत्या की है। लाडवा पुलिस ने शिकायत के आधार पर नौकर अजय के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का एलएनजेपी अस्पताल से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
नौकर को पकड़ने के लिए टीमें गठित
खेती के काम के लिए रखा था नौकर
- फरार नौकर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज, तलाश शुरू
मर्डर|लाडवा में चार दिन पहले आया नौकर वारदात के बाद से फरार ।
(लाडवा| मौके से बरामद हुई खून से सनी ईंट दिखाता पुलिसकर्मी।)