लाडवा| नगर पालिका प्रशासन ने सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कस्बे के मेन बाजार, बजाजा बाजार, रादौर रोड, रामकुंडी चौक, इंद्री चौक पर नगर पालिका प्रशासन ने अपने कर्मचारियों की टीम के साथ अतिक्रमण हटाया। नगरपालिका सचिव
सुशील कुमार ने अतिक्रमणकारियों को नोटिस भी थमाए, जिसको देखकर दुकानदारों के पसीने छूट गए। वहीं प्रशासन की इस कार्रवाई से खफा दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों ने अग्रसेन चौक पर एकजुट होकर जाम लगा दिया।
जाम लगाने वालों में रेहड़ी-फड़ी एसोसिएशन के प्रधान रमेश, राजकुमार, सुरजीत कुमार, श्रीराम, अशोक कुमार, राकेश कुमार, रामनाथ और अनिल कुमार ने कहा कि प्रशासन उनके साथ ज्यादती कर रहा है। प्रशासन उन पर कार्रवाई कर उनको भगा देता है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जाम लगाने वालों को समझाकर जाम खुलवाया।
दुकानों के अंदर डाला सामान : दुकानदारअभियान के दौरान अपने सामान को दुकानों के अंदर करते नजर आए। वहीं कई दुकानदार नगर पालिका सचिव नपा कर्मचारियों के आगे अपना सामान छुड़वाने के लिए गिड़गिड़ाते भी दिखे। गौरतलब है कि कस्बे के मेन बाजार में अतिक्रमण होने के कारण बाजार की सड़कें छोटी हो गई थी जिससे बाजार की 30 फुट की सड़क महज पांच फुट की बनकर रह गई थी।
अभियान रहेगा जारी : जाम खुलवाने के बाद थाना प्रभारी ने बातचीत के लिए प्रदर्शनकारियों को थाने में बुलाया, जिसमें उन्हें स्पष्ट किया कि नपा की टीम ने यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के आदेश पर की है और यह जारी रहेगी। अगर कोई इस मामले में सड़क पर जाम लगाएगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका सचिव
सुशील कुमार ने कहा कि अभी दुकानदारों को नोटिस देकर चेतावनी दी जा रही है और कम जुर्माना किया जा रहा है।
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया जाम
(लाडवा| दुकानदारों से बातचीत करते थाना प्रभारी अन्य।)