पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • किसानों ने एसडीओ को बनाया बंधक

किसानों ने एसडीओ को बनाया बंधक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लाडवा। भारतीय किसान यूनियन ने मंगलवार को लाडवा जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पर ताला जड़ कार्यालय में मौजूद सभी अधिकारियों कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके बाद भाकियू सदस्यों ने विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शनकारी भाकियू सदस्यों की अगुवाई बाबैन मंडल के प्रधान बलकार सिंह ने की।
भाकियू सदस्यों ने कहा कि बीड़ कालवा गांव में पिछले कई महीने से आधे गांव में ही पानी की सप्लाई रही है। इसके अलावा गांव में विभाग का जो कर्मचारी ट्यूबवेल चलाता है, वह ड्यूटी से अधिकतर समय गायब ही रहता है। उन्होंने बताया कि गांव के लोग कई बार विभाग को इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं। लेकिन विभाग के अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। गुस्से से भरे भाकियू सदस्यों ने विभाग के कार्यालय पर ताला जड़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ताला जड़ने के समय कार्यालय में एसडीओ वीके गुप्ता के अलावा जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी कर्मवीर, छत्रपाल, सुरेश कुमार, महिंद्र सिंह, यादविंद्र, सोहन लाल और हरीश कुमार भी मौजूद थे। भाकियू सदस्यों ने जब अधिकारियों की नहीं सुनी तो मौके पर नायब तहसीलदार राजेंद्र गुप्ता पुलिस टीम ने भाकियू सदस्यों से बातचीत की और कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन पर भाकियू सदस्यों ने दो घंटे बाद कार्यालय का ताला खोल अधिकारियों कर्मचारियों को रिहा किया। भाकियू सदस्यों के तेवरों को देख किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद थी।

ऑपरेटर पर होगी कार्रवाई : एसडीओ वीके गुप्ता ने कहा कि गांव में तैनात ट्यूबवेल ऑपरेटर पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पानी की सप्लाई की जांच करने के लिए वह स्वयं मौके पर जाएंगे।

जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पर ताला जड़ अधिकारियों कर्मचारियों को बंधक बनाते भाकियू सदस्य।