- Hindi News
- बाजारों में गंदगी के ढेर से लोगों का जीना हुआ दूभर
बाजारों में गंदगी के ढेर से लोगों का जीना हुआ दूभर
सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति, गंदगी उठाने की कोई जहमत नहीं उठा रहा
बाजारचौक चौराहों पर पड़ी गंदगी के ढेर से शहरवासी तंग हो चुके हैं। शिकायत देने के बाद बाद भी नगर पालिका प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। नालियों की सफाई का कार्य जारी है मगर निकाली गई गंदगी को उठाने की कोई जहमत नहीं उठा रहा।
कर्मचारी ऐसे ही बीच बाजार दुकानों के आगे छोड़ रहे हैं। खुले में पड़ी गंदगी जहां बाजार में आने वाले लोगों के लिए निकलने में कठिनाई पैदा कर रही है। वहीं दूसरी तरफ दुकानदारों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। बाजार की गलियों सहित क्रांति चौक, राजीव चौक, नया बस स्टैंड चौक, बीडीपीओ कार्यालय, फरमाणा चौक आदि जगहों पर पड़े कूड़े के ढेर नालियों के बाहर बहने वाला गंदा पानी शहर को साफ सुथरा रखे जाने के प्रशासनिक दावों की पोल खोल रहा है।
इस बारे में परेशान शहरवासियों का कहना है कि मामले को कोई गंभीरता से नहीं ले रहा। इस बारे कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन किसी के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। चुनाव का माहौल है बावजूद इसके शहर की अनदेखी हो रही है।
^ संजीव अग्रवाल ने बताया कि सफाई के मामले में व्यवस्था चरमरा चुकी है। पालिका सचिव, पार्षदों सहित अन्य कोई अधिकारी भी चौक चौराहों पर पड़ी गंदगी को उठवाने की ओर ध्यान नहीं दे रहा। कई दिनों से नालियों से निकाला हुआ कीचड़ पड़ा है। अधिकतर जगहों पर गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है।
^ जिले सिंह ने बताया कि शहर में सफाई का बुरा हाल है। जगह-जगह कूड़े गंदगी को उठाने की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा। बारिश से बाजार पड़ा कीचड़ साथ लगती दुकानों के अंदर जा सकता है। दुकानदार गंदगी को लेकर विरोध भी जता चुके हैं। पालिका कार्यालय साथ में है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा।
^ आजाद चौक के नजदीक स्थित दुकानदार मुकेश ने बताया कि तीन दिन से उनकी दुकान के आगे गंदगी पड़ी है। उन्होंने नगर पालिका कर्मचारियों, पार्षदों सहित अन्य से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उसकी मिठाई की दुकान है। गंदगी के कारण कोई ग्राहक दुकान पर नहीं चढ़ रहा।