- Hindi News
- प्रभु निंदाना को बांटे, हांसी महम रेलवे लाइन को दें तरजीह
प्रभु निंदाना को बांटे, हांसी-महम रेलवे लाइन को दें तरजीह
केंद्रीयरेल मंत्री सुरेश प्रभु द्वारा महम चौबीसी के गांव निंदाना की एक पंचायत को गोद लेने से हलके की सियासत गरमा गई है। हलके के कांग्रेसी विधायक आनंद सिंह दांगी ने कहा है कि रेल मंत्री प्रभु को निंदाना गांव को बांटने की बजाए हांसी-महम रेलवे लाइन को तरजीह देनी चाहिए, ताकि पूरे हलके का विकास हो सके। ज्ञात है कि निंदाना गांव में तीन पंचायत हैं, निंदाना तिकरी, निंदाना मोहम्मदपुर निंदाना खास। रेलवे मंत्री ने निंदाना खास को गोद लिया है।
दांगी ने दावा किया कि रेलवे लाइन के लिए हलके के लोगों ने लंबी लड़ाई लड़ी है। कांग्रेस ने रेलवे लाइन एवं उसका बजट मंजूर करके अपना कार्य किया है। जिसके चलते भाजपा सरकार को रेलवे लाइन के कार्य को शुरू करने में ढिलाई नहीं बरतनी चाहिए। कांग्रेस सरकार ने महम हलके में सर्वप्रथम गांव निंदाना को आदर्श घोषित करने का कार्य किया और समूचे गांव में एक समान विकास कार्य कराए गए, लेकिन भाजपाई सत्ता में आते ही फूट की राजनीतिक करने लगे हैं। आदर्श गांव परियोजना के तहत निंदाना गांव में कांग्रेस सरकार ने लोगों की भावना अनुसार गांव की समस्त गलियां सीसी इंटरलॉक ईंटों से बनवाई। गांव में किलाबंदी कार्य शुरू किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, गर्ल्स स्कूल के अलावा अन्य स्कूलों में बीस कमरों का निर्माण कराया गया। दो जल घर, खेल स्टेडियम, आयुर्वेदिक औषधालय आदि बनाया गया।