चुनावी जनसभाओं के लिए 12 स्थान चिन्हित
विधानसभाचुनाव के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों चुनावी उम्मीदवारों द्वारा की जाने वाली जनसभाओं के स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं। सक्षम अधिकारी से स्वीकृति लेकर इन स्थानों पर सभाएं की जा सकेगी। इसके तहत सोनीपत रोड पर स्थित सर छोटूराम और सेक्टर-6 में राजीव गांधी खेल परिसर के सामने स्थित हुडा ग्राउंड में जनसभा करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से स्वीकृति लेनी होगी।
इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में स्थापित की गई एकल खिड़की पर आवेदन किया जा सकता है। जनसभा की स्वीकृति के लिए आवेदन केवल एनेक्सर-16 में भरकर ही देना होगा। इन दोनों स्थानों के अलावा निर्धारित किए गए बाकी स्थानों पर जनसभा करने के लिए स्वीकृति संबंधित विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी द्वारा दी जाएगी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान जनसभा के लिए निर्धारित किए गए स्थानों को केवल जिला निर्वाचन अधिकारी या संबंधित रिटर्निंग द्वारा ही बुक किया जाएगा। निर्धारित स्थानों के मालिकाना हक रखने वाले विभाग इस संबंध में अपने स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं करेंगे।
जनसभा करने के लिए निर्धारित किए गए स्थानों में सोनीपत रोड स्थित सर छोटूराम स्टेडियम, पुराना बस स्टैण्ड के नजदीक हुडा का मैदान, सेक्टर-6 हुडा का मैदान, दिल्ली रोड स्थित आईएमटी परिसर डीजीवी स्कूल के पीछे, बोहर गांव का स्टेडियम, जींद रोड पर स्थित हाउसिंग बोर्ड का मैदान, नई अनाजमंडी के सामने पुरानी शुगर मिल का हुडा मैदान, महम का स्टेडियम, महम के पुराने पुलिस स्टेशन के सामने का मैदान, लाखनमाजरा का खरैंटी रोड के नजदीक स्थित स्टेडियम, कलानौर का दशहरा ग्राउंड और सांपला का पशु मेला ग्राउंड शामिल हैं।