कोहिनूर हमारा या पाक, मामला अब पाकिस्तान की हाईकोर्ट में पहुंचा
लाहौर | ब्रिटिशमहारानी के ताज में लगा बेशकीमती कोहिनूर हीरा भारत का है या पाकिस्तान का। यह लाख टके का सवाल अब पाकिस्तान में लाहौर हाईकोर्ट में तय हो सकता है। कोर्ट ने सोमवार को संबंधित याचिका विचार के लिए मंजूर कर ली। इसमें सरकार को ब्रिटेन से कोहिनूर हीरा लाने के निर्देश देने की मांग है। इससे पहले दिसंबर में लाहौर हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार ने याचिका ठुकरा दी थी। उस वक्त कहा था कि कोर्ट में ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और ब्रिटिश हाई कमीशन के खिलाफ सुनवाई नहीं हो सकती। याचिकाकर्ता ने इस पर आपत्ति दर्ज करते हुए फिर याचिका दायर की।
लेकिन सोमवार को चीफ जस्टिस खालिद महमूद खान ने रजिस्ट्रार की आपत्ति खारिज कर दी। उन्होंने इस याचिका को सुनवाई के लिए उपयुक्त बेंच के सामने पेश करने का निर्देश दिया है। याचिका बैरिस्टर जावेद इकबाल जाफरी ने दायर की है। उन्होंने कहा, ‘कोहिनूर पर पाकिस्तान का दावा बनता है क्योंकि वह इसी इलाके का है, जो 1947 में बंटवारे के समय पाकिस्तान बन गया।’ लंदन से वकालत पढ़े जाफरी ने याचिका दायर करने से पहले 786 शब्दों का पत्र महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और पाकिस्तानी अफसरों को लिख चुके हैं।