खेत में काम नहीं कर सकते किसान
कचरा डालने आई नगर परिषद की टीम को पंचायत ने भगाया
मुरथलगांव में कचरा डालने को लेकर गुरुवार को नपा पंचायत के बीच विवाद हो गया। कचरा डालने के लिए गांव में पहुंची नपा की टीम को पंचायत ने बैरंग लौटा दिया। नगर परिषद के सचिव ने एग्रीमेंट का हवाला दिया तो पंचायत ने एग्रीमेंट समाप्त होने की बात कही।
मुरथल की पंचायती जमीन को नप ने शहर का कचरा डालने के लिए दो साल के लीज पर लिया था। पंचायत को नप ने 22 हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से किराया भी दिया था। गुरुवार को नप की एक कचरे से भरी हुई ट्रैक्टर ट्राली जब गांव में पहुंची तो ग्रामीणों ने उसे वापस भेज दिया। ट्रैक्टर चालक ने इसकी सूचना सचिव अमन को दे दी। नगर परिषद की टीम गांव में पहुंची। जहां पर सरपंच प्रमिला देवी के पति रामेश्वर आंतिल, पंच लोकेश, भारतीय किसान संघ के सहमंत्री नंदकिशोर आंतिल ने कचरा डालने पर एतराज जताया। रामेश्वर आंतिल ने कहा कि पंचायत ने जो एग्रीमेंट किया था। उसका समय समाप्त हो गया है। पंचायत अब कचरा नहीं डालने देगी। कचरे से गांव का माहौल दूषित हो रहा है। उसके बाद सचिव के आदेश पर ट्रैक्टर ट्राली को वापस भेज दिया गया।
नंदकिशोर आंतिल ने कहा कि कचरे से मक्खी फैल रही है। जिससे किसान खेत में काम भी नहीं कर पा रहे हैं। कचरे से जो दुर्गंध उठती है, उससे प्रदूषण फैल रहा है। मक्खियों से गोशाला की गाय भी परेशान हैं। इस वजह से पंचायत ने एग्रीमेंट को आगे बढ़ाने से मना कर दिया है।
नगर परिषद के सचिव अमन ने कहा कि उन्होंने पंचायत से एग्रीमेंट किया था। एग्रीमेंट की तारीख समाप्त हुई है या नहीं यह रिकार्ड देखने के बाद पता चल सकेगा। विवाद से बचने के लिए कचरा डालना बंद कर दिया है।
राई. मुरथलमें कचरा डालने को लेकर हुए विवाद में बात करते नप सचिव सरपंच प्रमिला के पति रामेश्वर आंतिल।