नप भूखंडों के प्रोजेक्ट तैयार करे: डीसी
डीसीराजीव रतन ने कहा कि नगर परिषद के नए भवन, रैन बसेरा, पार्किंग स्थल एवं पार्कों को विकसित करने के लिए नगर परिषद की शहर के अंदर की जमीन के अलग-अलग भूखंडों के प्रोजेक्ट तैयार करें। इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने नगर परिषद एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की कैंप कार्यालय में बैठक लेने बाद शहर के नगर परिषद कार्यालय, बोस्टल जेल परिसर, मुरथल अड्डा पर पशु चिकित्सालय भूखंड एवं कोट मोहल्ला के पुराने भवन का पूरी बारीकी से जायजा लिया। इन भूखंडों पर बहुउद्देशीय प्रोजेक्ट तैयार करें ताकि लोगों को ज्यादा से ज्यादा एक छत के नीचे सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन भूखंडों को जनहित में विकसित करने के लिए आधुनिक ढंग के बहुउद्देशीय प्रोजेक्ट तैयार करें। नगर परिषद कार्यालय की भूमि पर बेसमेंट, पार्किंग, रैन बसेरा एवं लोगों के घूमने फिरने के लिए सभी लसुविधाओं युक्त पार्क का प्रोजेक्ट तैयार करें।
इस प्रोजेक्ट में यह भी अवश्य ध्यान रखें कि इस क्षेत्र में रेलवे स्टेशन भी है और भीड़ का क्षेत्र भी है। यहां पर आगंतुकों को उनकी जरूरत के अनुरूप सुविधाएं प्राप्त हो सकें। डीसी राजीव रतन ने शहर के कोट मोहल्ला क्षेत्र का दौरा करते हुए कहा कि इस भूखंड पर अति सुंदर पार्क का निर्माण करें तथा पुराने भवन की मरम्मत करके इसके रूप को निखारें ताकि लोग यहां पर घूमने आएं तो उन्हें शहर के नजारे का भी लुफ्त प्राप्त हो सके।
उसके साथ में सीटीएम सुधांशु गौतम, तहसीलदार सोनीपत नवदीप सिंह नैन, नगर परिषद के सचिव अमन सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।