सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल का तीसरे दीक्षांत समारोह को लेकर
सोनीपत के सुनील श्योराण बेहद उत्साहित थे। कैमिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी कर चुके श्योराण उन 15 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में शामिल हैं जिनका चयन दीक्षांत समारोह में डिग्री लेने वाले विद्यार्थियों के लिए किया गया है, लेकिन अपने अटपटे निर्णय को लेकर अक्सर विवादों में रहने वाले विवि प्रशासन ने सुनील का राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी के हाथों डिग्री लेने का सपना तोड़ दिया है।
विवि प्रशासन ने यह कहकर उसकी उम्मीदों को तार-तार कर दिया कि विवि के पास और ड्रेस है ही नहीं। इससे पूर्व उनके आवेदन को यह कहकर ठुकराया गया था कि उन्होंने समय पर आवेदन नहीं किया। भास्कर कार्यालय पहुंचकर सुनील ने बैंक की वह रसीद दिखाई जो पांच सौ रुपए जमा करवाने के बाद उन्हें पांच फरवरी को मिली है।
विवि परिसर में रविवार को तीसरे दीक्षांत समारोह में 412 विद्यार्थियों को राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा द्वारा डिग्री प्रदान की जाएंगी। बता दें कि विवि की ओर से चयन तो 1091 विद्यार्थियों का किया गया है, लेकिन आवेदन महज 412 विद्यार्थियों ने ही किया है। बाकी को डिग्री डाक से भेजी जाएंगी। शनिवार को विवि परिसर में रिहर्सल आयोजित की गई। जिसमें कुलपति प्रो. आरपी दहिया ने विद्यार्थियों को डिग्री दी।