- Hindi News
- वोटिंग के लिए ढाबों से भी जागरूक किया जाएगा
वोटिंग के लिए ढाबों से भी जागरूक किया जाएगा
लोकसभाचुनाव में मतदान करने वालों को खाने पर डिस्काउंट देकर चर्चा में आए मुरथल के ढाबे अब हरियाणा विधानसभा चुनाव 2014 में दो कदम और आगे बढ़ रहे हैं। सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी समीर पाल सरो की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुरथल जीटी रोड के सभी ढाबा संचालकों ने निर्णय लिया है कि उनके होटलों ढाबों में मौजूद दरबान हर आने वाले ग्राहक को सत श्री अकाल जी के साथ वोट जरूर डालना जी भी कहेंगे।
मीटिंग में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट हम सभी का अधिकार है। ऐसे में लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक करना होगा। उन्हें यह बताया जाएगा कि अपने वोट के जरिए वह अपने लिए अच्छी सरकार का चयन कर सकते हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी होटल ढाबा संचालक प्रत्येक खाने की मेज पर मतदान के प्रति जागरूक करने वाले स्लोगन की स्लिप अवश्य लगाएंगे। इसके अलावा वेटर भी बिल देते समय वोट डालने की अपील जरूर करेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी ढाबा संचालकों से अपील की है कि वह अपने ढाबों होटलों के बाहर मतदान के प्रति जागरूक करने वाले बड़े होर्डिंग्स फ्लैक्स भी जरूर लगाएं ताकि जीटी रोड से गुजरने वाले हर वाहन चालक ढाबों पर आने वाले ग्राहकों को पता लगे कि 15 अक्टूबर को मतदान के दिन वोट जरूर करनी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में हम सभी की यह जिम्मेदारी बनती है कि लोगों को वोट डालने के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करें।