- Hindi News
- डिग्री पाकर 435 विद्यार्थियों के चेहरे पर आई सुखद चमक
डिग्री पाकर 435 विद्यार्थियों के चेहरे पर आई सुखद चमक
सालोंकी मेहनत और आज मिली खुशी। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल के तीसरे दीक्षांत समारोह में 435 विद्यार्थियों को डिग्री के रूप में विभिन्न उपाधियों से अलंकृत होने का सुखद मौका मिला। इसके साथ ही विक्रम विवि, उज्जैन से बीएड की डिग्री लेने वाले शिक्षक रहे तथा अब राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी की सीख भी मिली। जिसमें उन्होंने उपाधिधारकों का आह्वान किया कि वे समाज एवं राष्ट्र के ऋण को चुकाने में कोई कोताही बरतें।
दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए हरियाणा-पंजाब के राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा कि भारत की जनसंख्या 125 करोड़ के करीब है, जिसमें 700 विश्वविद्यालय तथा लगभग 39हजार कॉलेज हैं। इनमें करीब 2 करोड़ 30 लाख विद्यार्थी शिक्षणरत हैं। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है जिसमें 35 वर्ष की आयु से कम लोगों की संख्या करीब 65 प्रतिशत है। इस संख्या में से आज गिने-चुने विद्यार्थियों को उपाधियां दी गई हैं जो गर्व की बात है।
शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि संस्कृत को प्रोत्साहन देते हुए गीता को शिक्षण पाठयक्रम में जोड़ा जाएगा। महिला, बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री कविता जैन ने कहा कि उपाधिधारक देशप्रेम के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को वहन करते हुए आगे बढ़े। इस दौरान विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के चेयरमैन प्रो. वेदप्रकाश ने कहा कि हरियाणा में और विश्वविद्यालय अथवा कॉलेज बनाने की बजाय इन्हें अंतर्राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थानों में तब्दील करने का प्रयास करना चाहिए। शोध पर अधिक ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम में मीरपुर विवि के कुलपति डॉ. महेंद्र कुमार, महिला विवि की कुलपति प्रो. आशा कादयान, कुलपति मेजर जनरल रणजीत सिंह, डीसीआरयूएसटी के रजिस्ट्रार प्रो. आरके अरोड़ा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. एमएस धनखड़, डीसी राजीव रतन, एसपी बी सतीश बालन, सीटीएम सुधांशु गौतम, डीएसपी सतीश शर्मा भारती डबास आदि मौजूद थे।
दीक्षांत समारोह में अल्पना वत्स, प्रतिभा, अंकिता सैनी, अनु, पारूल, अनिल कुमार, भूमिका, नैन्सी शर्मा, राजेश्वरी, सुनीता, वीना राघव, ऋचा शर्मा, पुलकिता गुप्ता, तमन्ना, रूहल अहलावत, प्रवेश कुमार, रोहित तनेजा, अल्का, चंचल, योगेश, प्रवीण, निधि, पूर्णिमा, मीनाक्षी, गौरव गोयल और अंकिता चौधरी आदि को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। वहीं पीएचडी की उपाधि अजय कुमार, अनिल कुमार, संध्या गर्ग, रजनीश, दर्शना कुमारी, ममता मलिक, सुमन, अतुल कुमार, प्रवीण कुमार, सुनील भारद्वाज, विनय कुमारी नीतू शर्मा को मिली।
सोनीपत . डिग्रीपाकर खुशी से उछलते विद्यार्थी।