- Hindi News
- 2015 में नए परिसीमन से होंगे मुरथल ब्लॉक मे पंचायत चुनाव
2015 में नए परिसीमन से होंगे मुरथल ब्लॉक मे पंचायत चुनाव
सोनीपतराई ब्लॉक से अलग हुए मुरथल ब्लाॅक के पंचायत चुनाव 2015 में पहली बार होंगे। नए ब्लाॅक में परिसीमन लागू करने की तैयारी खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय ने शुरू कर दी है।
सोमवार को बीडीपीओ मुरथल ने इस संदर्भ में सभी ग्राम सचिवों से गांवों के मतदाताओं की वोटर स्थिति के बारे में रिपोर्ट मांगी है। जिससे नए स्तर से परिसीमन लागू किया जा सके। इसमें सबसे बड़ा फेरबदल ब्लॉक के बड़े गांव मुरथल, दीपालपुर खेवड़ा में होे सकता हैं। जहां पर इस समय सरपंच का पद महिला या जनरल है। वोटों की स्थिति को देखते हुए इन गांवों में इस बार अनुसूचित जाति के लिए सरपंच का पद आरक्षित किया जा सकता है। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि जिले में मुरथल को नया ब्लॉक का दर्जा मिला है। इसमें गन्नौर, सोनीपत राई ब्लॉक के गांवों को शामिल कर 45 गांवों को जोड़ा गया है। वर्ष 2010 में इन गांवों में अपने ब्लॉक के स्तर पर परिसीमन लागू किया गया था। इस बार यहां नए सिरे से परिसीमन लागू किया जाएगा। जिस गांव में फिलहाल जनरल या महिला सरपंच का पद आरक्षित है, वहां पर एससी सीट रिजर्व किया जाएगा। जिन गांवों में इस बार सरपंच एससी हैं, वहां पर सामान्य सरपंच पद आरक्षित किया जाएगा। इसमें ब्लॉक के सबसे बड़े गांव मुरथल, खेवड़ा, दीपालपुर, झुंडपुर, मलिकपुर, रेवली, पलड़ी कलां, बड़ौली, असदपुर, नांदनौर के प्रभावित होने की संभावना है।
बीडीपीओ राजेश ने बताया कि अप्रैल में पंचायत चुनाव होने की उम्मीद जताई जा रही है। मुरथल नया ब्लॉक बना है, इसलिए अभी से पंचायत चुनावों की तैयारी शुरू कर दी गई है। सभी ग्राम सचिवों को मतदाताओं की लिस्ट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। जिससे जैसे ही चुनाव आयोग का आदेश आएगा, वे सुचारू रूप से परिसीमन के काम काे अंजाम दे सकें।
अप्रैल में होंगे पंचायत चुनाव, तैयारी शुरू