पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मुरथल रोड पर नाला पुल निर्माण की गति धीमी, लोग हैं परेशान

मुरथल रोड पर नाला पुल निर्माण की गति धीमी, लोग हैं परेशान

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पीडब्ल्यूडीद्वारा मुरथल रोड पर ड्रेन नंबर छह पर नया पुल बनाया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य की गति काफी धीमी होने से शहरवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग द्वारा पुल बनाने के लिए जिस वैकल्पिक मार्ग को तैयार किया गया है उससे वाहन चालकों को गुजरने में दिक्कत हो रही है। रास्ता सकरा होने के कारण यहां पर हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है। साथ ही अगल-बगल नाला खुला होने से हादसे का अंदेशा भी रहता है। इसके बाद भी पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की दलील है कि निर्माण कार्य निश्चित समय पर पूरा हो जाएगा।

ड्रेन नंबर छह पर वर्षों पहले पुल का निर्माण किया गया था। जो मौजूदा यातायात के अनुसार कम पड़ रहा था। इसी लिए इसे तोड़कर इसके स्थान पर दूसरा पुल बनाया जा रहा है। मौजूदा पुल पुराने वाले अधिक चौड़ा है। हालांकि अभी तक लोगों को निर्माण कार्य दिखाई नहीं पड़ रहा है। जो दिखाई पड़ रहा है, उससे पुल का शेप भी समझ में नहीं रही है। स्थानीय लोगों की मानें तो काम की गति धीमी होने के कारण बहुत परेशानी हो रही है।

जीटी रोड की ओर जाने वाले आने वाले वाहनों के लिए काफी महत्वपूर्ण रास्ता है। इस कारण बड़ी संख्या में हर वक्त वाहनों की लाइन लगी रहती है। स्थानीय दुकानदार मनोज, इंद्र कुमार, योगेश अखिलेश ने कहा कि हर वक्त जाम लगा रहता है। काम की रफ्तार इतनी धीमी है कि मालूम ही नहीं पड़ता कि काम हो भी रहा है। अगर स्पीड से कार्य होता तो अब तक पूरा भी हो गया होता।

पीडब्ल्यूडी के जेई अनिल दहिया ने बताया कि यह पुल 40 मीटर लंबा है। जिसे एक साल में पूरा करने का समय निर्धारित किया गया है। इसमें 24 पाइल कास्टिंग हो चुकी हैं। ब्रिज के सेंटर में एक पाइल कास्ट होना है, जो पानी के बहाव के कारण प्रभावित हो रही है। पानी का डायवर्ट कर यह पाइल शीघ्र ही तैयार कर दी जाएगी। पुल तीन पिलर पर खड़ा होगा। दोनों 20 मीटर के गैप हैं। चौड़ाई इसकी साढ़े 11 मीटर है। अप्रैल 2014 में कार्य शुरू हुआ था, जिसे मार्च 2015 में पूरा कर दिया जाएगा। पुल की लागत पौने दो करोड़ रुपए है।

सोनीपत . पीडब्ल्यूडीद्वारा मुरथल रोड पर ड्रेन नंबर छह पर अधूरा पड़ा हुआ पुल का निर्माण कार्य।