बोर फेल होने से पानी के लिए तरसे लोग
मुस्तफाबाद | गांवसुल्तानपुर मे नलकूप खराब होने से गांव मे लोग पानी से तरस रहे हैं। तीन हजार की आबादी वाले गांव में एक ही नलकूप है। अब तो गांव में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। गांववासियों अशोक लांबा, देशराज, राम अवतार, प्रेम चंद, जसविन्द्र ने बताया कि यह नलकूप मार्च 2013 में लगा था। जब से यह नलकूप लगा, पानी साफ नहीं आया। इस बारे निरंतर शिकायत करते रहे। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि जब यह नलकूप लगा था इसमें घटिया मटीरियल का प्रयोग किया गया था। अब जैसे ही कंप्रेसर लगाया पाइप पूरी तरह फट गए।
सरपंच रमेश कुमार ने बताया कि पब्लिक हेल्थ अम्बाला के मैकेनिकल सेक्शन से अधिकारी आकर इस बोर को फेल घोषित कर गए है। पब्लिक हेल्थ के एक्सईएन का कहना है कि इसका एस्टीमेट बनाकर भेज दिया है। नए बोर में 15-20 दिन का समय लग जाएगा। सरपंच का कहना है कि लोग किसानों के नलकूपों से लाकर पेयजल का काम चला रहे हैं। 15-20 दिनों में तो गांव में हाहाकार मच जाएगा।