विद्यार्थी हमारी उम्मीदों का आधार : जैन
सोनीपत | शहरीस्थानीय निकाय, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण मंत्री कविता जैन ने कहा है कि युवा भारत की शक्ति के तौर पर आज के विद्यार्थी ही कल शिक्षक, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, साहित्यकार, अर्थशास्त्री एवं अन्य विधाओं में पारंगत होंगे। वे देश को विश्व में सशक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों पर ही देश के विश्व शक्ति बनने की उम्मीद टिकी है। देर शाम नरेला रोड स्थित रोज वैली पब्लिक स्कूल के वार्षिक उत्सव में मुख्यातिथि कविता जैन ने कहा कि विद्यार्थी ही हमारी उम्मीदों का आधार हैं। चिंता जताते हुए कहा कि गुरू शिष्य के रिश्ते में आदर, संस्कार भाव खत्म होते जा रहे हैं। दोनों ओर से इस पवित्र रिश्ते पर होने वाले आघातों से एक दूसरे के प्रति भरोसा और सम्मान की कमी की खाई बढ़ रही है। इस खाई को पाटने के बाद ही हम विद्यालयों से विद्यार्थियों के अच्छे नागरिक बनकर बाहर आने की कल्पना कर सकते हैं। विशिष्ट अतिथि सीबीएसई के उप सचिव जेके यादव, समाज सेवी सतीश राज देशवाल ने भी विद्यार्थियों को अपना संदेश दिया।