मार्केट कमेटी की सचिव ने सब्जी मंडी में चलाया सफाई अभियान
नरवाना | मार्केटकमेटी प्रशासन अब सब्जी में सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर हो गया है। भास्कर में प्रकाशित हुई सफाई समस्या की खबर के बाद सब्जी मंडी में गुरुवार को सफाई अभियान चलाया गया। जिसकी शुरुआत मार्केट कमेटी की सचिव सविता चौधरी ने झाडू लगाकर की।
पिछले कई दिनों से सब्जी मंडी में सफाई नहीं होने की शिकायत की जा रही थी। गुरुवार सुबह मार्केट कमेटी सचिव अपने स्टाफ के साथ सब्जी मंडी पहुंची और स्वयं झाडू उठाकर सबको सफाई करने को प्रेरित किया। सचिव ने कहा कि सभी ने अपने आस पास सफाई रखनी चाहिए क्योंकि गंदगी से कई प्रकार की बीमारियां फैलती है। सफाई अभियान में मंडी के प्रधान राजेंद्र कुमार, चरणजीत छाबड़ा, राजेश कुमार, सदानंद विरमानी, प्रवीण दुआ सहित कई आढ़तियों ने सफाई अभियान में सहयोग दिया। मंडी प्रधान राजेंद्र ने सचिव को मंडी की कई समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मंडी में बने शौचालय बंद रहते हैं। मार्केट कमेटी की सचिव सविता चौधरी ने जल्द ही मंडी की चारदीवारी ऊंची करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर राजू दुआ, नरेश कुमार, जसवंत विरमानी, सुभाष, सुरेश शर्मा, भूषण, सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नरवाना. सफाईअभियान की शुरूआत करती मार्केट कमेटी सचिव सविता चौधरी अन्य कर्मचारी।