- Hindi News
- शास्त्री नगर की मेन गली खस्ताहाल, लोग परेशान
शास्त्री नगर की मेन गली खस्ताहाल, लोग परेशान
शास्त्रीकॉलोनी में बनी मेन गली की स्थिति खस्ताहाल है। सड़क में गहरे गड्ढे हो गए हैं, जहां से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शास्त्री नगर की यह मेन गली टोहाना रोड से नई अनाज मंडी को जोड़ती है। ये गली सब्जी मंडी की ओर भी जाती है, जिस कारण यहां सारा दिन वाहनों का आवागमन रहता है।
कॉलोनी वासी प्रदीप ढिल्लो, कुलदीप, सूबेसिंह, बेलूराम ने बताया कि यह बहुत ही गंभीर समस्या है। इसको दूर करने के लिए हम नगर परिषद नरवाना में भी शिकायत दर्ज करवा चुके हैं, लेकिन वहां से जवाब दिया जाता है कि यह क्षेत्र उनकी सीमा में नहीं आता। सड़क में ईंट रोड़े डालकर गड्ढों का भर दिया गया है, जोकि समस्या का स्थाई समाधान नहीं है। मेन गली में रोड़े भरे होने के कारण यह सड़क उबड़-खाबड़ हो गई है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार यहां बहुत से वाहन चालक अपना संतुलन खोकर गिर जाते हैं और उन्हें चोट भी लग जाती है।
गली होगी पक्की : एसडीएम
नगरपरिषद के प्रशासक एसडीएम सुमित कुमार ने बताया कि शास्त्री नगर की मेन गली की समस्या उनकी जानकारी में नहीं थी। इसलिए लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अब वो इस बारे में संबंधित विभाग को निर्देश देंगे कि इस गली को पक्का किया जाए।
नरवाना. शास्त्रीनगर की मेन गली की स्थिति दिखाते कॉलोनीवासी।