- Hindi News
- 19 लाख से रोशन होंगी 40 गांवों की गलियां
19 लाख से रोशन होंगी 40 गांवों की गलियां
विकासखंड निसिंग की करीब 40 गांव में लाखों रुपए की लागत से स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। चिड़ाव मोड़ स्थित विकास विभाग के बीडीपीओ कार्यालय में आयोजित ब्लॉक समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता समिति की अध्यक्षा भगवंती देवी ने की। बीडीपीओ सुमित चौधरी बैठक में बतौर कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव मौजूद थे। ब्लॉक समिति के 29 में से 22 सदस्यों ने बैठक में शिरकत की। जबकि 7 सदस्य गैर हाजिर रहे। बैठक में गांव की गलियों में एलईडी लाइटें लगवाने का प्रस्ताव पेश किया गया। जिसको मौजूद सदस्यों ने एकमत होकर इस प्रस्ताव को पारित कर दिया। इस प्रस्ताव के पारित होने के बाद करीब 40 गांव की गलियों में एलईडी लाइटें लगने का रास्ता साफ हो गया है। बैठक के उपरांत पत्रकारों से समिति द्वारा लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव सुमित चौधरी ने बताया कि 19 लाख रुपए की लागत से विकास खंड निसिंग के करीब 40 गांव में एलईडी लाइटें लगाने का समिति ने निर्णय लिया है। इसके अलावा वर्ष 2015-16 के लिए मनरेगा के तहत करवाएं जाने वाले कार्यों के लिए अनुमानित एक करोड़ 66 लाख रुपए का प्रस्ताव भी पास किया गया है। बैठक में ब्लॉक समिति सदस्य जनक राज जलाला, लखविंद्र, अरविंद राणा, गीता रानी, हर्षदीप, सोमनाथ, शमशेर सिंह, बंती देवी, इश्रो देवी, लीला वती, राजबाला, रामपाल, महेंद्र सिंह, सुमेर सिंह, बलबीर सिंह, राजकुमार सहित कई सदस्य मौजूद थे।
जुंडला. समितिकी बैठक में उपस्थित पदाधिकारी अन्य।