अलाॅटमेंट लेटर बन गए टेंशन
निसिंग | शहरकी नई अनाज मंडी में आढ़तियों को ड्रा के माध्यम से अलाॅट किए गए प्लाटों की निर्धारित राशि जमा कराए जाने के बाद भी उनको अलाॅटमेंट पत्र जारी नहीं किया गया। इससे आढ़तियों में रोष है। आढ़तियों ने ड्रा के दौरान प्लाटों के मूल्य 43 लाख रुपए की 25 प्रतिशत राशि 10 लाख 25 हजार रुपए की राशि भी जमा करवा दी है। आढ़ती सुखदेव शर्मा, सुभाष चंद, ईश्वर सिंह, सुभाष गोयल, खिराती लाल, सुमित कुमार, मोहनलाल मंडी प्रधान वेदप्रकाश त्यागी का आरोप है कि वे इस संबंध में डीसी बलराज सिंह एसडीएम सुशील मलिक से भी मिल चुके हैं। उनका कहना है कि उस दौरान मौके के एसडीएम ने ड्रा के कागजातों पर हस्ताक्षर कर दिए थे जबकि अलाॅटमेंट के कागजों पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। जिस कारण निसिंग अनाज मंडी के 170 आढ़ती अपने अलाॅटमेंट लेटर नहीं मिलने के कारण दुकानों की निशानदेही लेने के लिए भटक रहे हैं। मार्केट कमेटी सचिव धर्मराज डांगी का कहना है कि वे जल्द ही विभाग के सीए से बात कर समस्या का समाधान करवाएंगे। ताकि आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी हो।