तीन दिन में लाइसेंसी हथियार कराएं जमा
निसिंग| विधानसभाचुनावों के मद्देनजर एसपी अभिषेक गर्ग के आदेश के बाद थाना प्रभारी अजीत कुमार ने क्षेत्र के सभी ग्राम सरपंचों को लाइसेंसी हथियार थाने में जमा कराने के लिए ग्रामीणों को मुनादी द्वारा सूचित करने को कहा है। उन्होंने बताया कि थाने में हथियार जमा कराने के लिए तीन दिन का समय निर्धारित किया गया है। समय पर अपने हथियार जमा नहीं कराने वाले शस्त्र धारकों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तीन सौ से अधिक लोग शस्त्र धारक हैं। जिन लोगों ने अपने शस्त्र किसी दूसरी जगह पहले से ही जमा कराए हुए हैं, उन्हें थाने में अपनी रसीद दिखानी होगी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपने शस्त्र जल्द थाने में जमा कराने की अपील की।