सवा पांच माह बाद अपनों से मिला कुनाल
कुरुक्षेत्र| रेलवेस्टेशन पर लावारिस मिले दस वर्षीय कुनाल को आखिरकार मां का आंचल नसीब हो गया। जैसे ही मां ने बेटे कुनाल को देखा तो उसे छाती लगा लिया। इस दौरान आंखों से आंसू लगातार बहते रहे। कुनाल भी मां को देख बिलख पड़ा। 13 जुलाई को कुनाल रेलवे स्टेशन पर लावारिस मिला था। जीआरपी ने जिला बाल कल्याण विभाग को सूचना दी। चाइल्ड वेल्फेयर कमेटी अधिकारी कुनाल को स्टेशन से लेकर आए। पूछताछ में कुनाल ने बताया कि वह करनाल का है। लेकिन करनाल में उसके मां बाप कहां रहते हैं, वह नहीं बता पाया। इस पर चाइल्ड मिसिंग स्क्वायड की सहायता से तलाश शुरू की। एएसआई शमशेर सिंह ने बताया कि कुनाल की मां रीटा पिता मोहन बहादुर ने दो अगस्त उसके गुम होने की रपट भी दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने को पिहोवा के मोहनपुर का निवासी बताया था।