पिहोवा। एक सप्ताह से बिजली के अघोषित कटों से परेशान होकर ग्रामीणों ने शनिवार देर रात को पावर हाउस पर जमकर बवाल काटा। गौरतलब है कि गांव लोहार माजरा, खिदरपुरा, कमोदा, गढ़ी रोड़ान और गढ़ी सिंगा में पिछले कई दिनों से बिजली की परेशानी से ग्रामीणों को दो चार होना पड़ रहा है, जिसके चलते ग्रामीण देर रात को भौर सैयदां पावर हाउस पर पहुंच गए।
ग्रामीण लालचंद, सरपंच साहब सिंह, शीशपाल, सुखदेव, बलदेव और लाडी ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से बिजली की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। निगम के कर्मचारी एक दूसरे की ड्यूटी की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं। हैरत की बात है कि रात के समय जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, वे ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अगर दिन के समय लाइन में कोई दिक्कत जाती है तो कर्मचारी इसे दिन में ठीक नहीं करते। जिस कारण ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में ही गुजारनी पड़ती है। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था ठीक करने की मांग की। बिजली निगम के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बिजली व्यवस्था को ठीक किया जाएगा।
(पिहोवा| भौर सैयदां पावर हाउस में बिजली कर्मियों से बातचीत करते ग्रामीण।)