- Hindi News
- चौथे नवरात्र पर मां कुष्मांडा की अराधना की
चौथे नवरात्र पर मां कुष्मांडा की अराधना की
मां भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु।
कुरुक्षेत्र | चौथेनवरात्र के चलते श्रद्धालुओं ने रविवार को मां दुर्गा के चौथे स्वरूप कुष्मांडा माता की पूजा की। भक्तों ने मंदिरों महामाई का गुणगान किया और परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। इसी तरह श्री देवी कूप भद्रकाली मंदिर में दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। सायंकालीन आरती में मुख्यातिथि के तौर पर डॉ. सुदेश सिंघल और डॉ. मयंक सिंघल ने शिरकत की। मंदिर के पीठाधीश पंडित सतपाल शर्मा ने विधिवत पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्री महेंद्र मिन्नी एंड पार्टी ने भजन संध्या में महामाई के मधुर गीत सुनाकर भक्तों को भाव विभोर कर दिया। वहीं मोहन नगर स्थित प्राचीन सिद्ध संतोषी माता मंदिर में चौथे नवरात्र पर मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कुष्मांडा की अराधना की गई। सन्निहित सरोवर के नजदीक ओउम वासुदेवाय वेद विद्यालय में श्री नवदुर्गा महाचंडी महायज्ञ में चौथे दिन रविवार को दूरदराज से पहुंच सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति डाली। गीता धाम स्थित विश्ववंदया मां सिद्धेश्वरी शक्तिपीठ में नवरात्रों के उपलक्ष्य में मां दुर्गा की नाना प्रकार से स्तुति की गई।
उधर, पिहोवा के गोविंदानंद आश्रम में दुर्गा महोत्सव कार्यक्रम में मुख्यातिथि मां सरस्वती जल प्रवाह एवं जीर्णोद्धार सेवा समित के शंकरलाल तनेजा, मनोज चक्रपाणि, डॉ. अश्वनी तिवारी, प्रकाश वर्मा, अमित खोसला, सतपाल गर्ग, अनिल धवन, प्रवेश कौशिक और कृष्ण सैनी ने मां भगवती की आरती की।