पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रोडवेज कर्मी और प्राइवेट बस चालक भिड़े

रोडवेज कर्मी और प्राइवेट बस चालक भिड़े

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कुरुक्षेत्र | नए बसस्टैंड पर काउंटर पर बस लगाने के समय को लेकर सोमवार को प्राइवेट बस चालक और रोडवेज चालक के बीच झड़प हो गई। मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके चलते हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी के सदस्य इकट्ठे हो गए। रोडवेज चालक ने आरोप लगाया कि प्राइवेट बस चालक ने उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। वहीं प्राइवेट चालक रोडवेज कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगा रहा था। रोडवेज कर्मचारियों ने प्राइवेट बस चालकों पर आरोप लगाया कि प्राइवेट बस चालक बिना परमिट के रूट पर बसें दौड़ा रहे हैं।

सूचना पर आरटीए सचिव लेखराज भी मौके पर पहुंचे। रोडवेज कर्मचारियों ने बिना परमिट के बसें चला रहे प्राइवेट चालकों के चालान करने की मांग रखी। रोडवेज कर्मचारियों ने कहा कि आरटीए सचिव बिना परमिट की बसों का चालान करने में आनाकानी कर रहे हैं। रोडवेज कर्मचारियों के हंगामे के बाद आटीए सचिव ने प्राइवेट बसों के कागजात देखने शुरू किए। इस दौरान कागजों में मिली कमी के आधार पर कई बसों के मौके पर ही चालान काटे। इसके बाद मामला शांत हुआ।

यह था मामला : सुबह 9 बजे कुरुक्षेत्र-पिहोवा रूट के लिए रोडवेज की बस अपने काउंटर पर लगी थी। इसी बीच प्राइवेट बस नंबर आठ का चालक कुरुक्षेत्र-पिहोवा की सवारियां बस में बिठाने लगा। जिसपर रोडवेज चालक ने आपत्ति जताई। इसी बीच दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बात मारपीट तक पहुंच गई। रोडवेज चालक होशियार सिंह ने आरोप लगाया कि प्राइवेट चालक ने उसके साथ मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ दिए।
प्राइवेट चालक कर रहे मनमानी : हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी सदस्य मूलचंद और राजकुमार शर्मा ने कहा कि प्राइवेट बस चालक बिना रूट परमिट के बसें दौड़ाकर रोडवेज को चूना लगा रहे हैं। रोडवेज कर्मियों के विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करते हैं। अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद प्राइवेट चालकों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। प्रेम बेरथली ने कहा कि प्राइवेट चालकों की मनमानी के खिलाफ रोडवेज कर्मी जब आवाज उठाते हैं तो अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं करते। कर्मचारियों ने कहा कि अगर अधिकारियों ने इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
हमारे पास है रूट परमिट : प्राइवेटबस संचालक रोबिन धीमान ने कहा कि सभी प्राइवेट बस संचालकों के पास रूट परमिट के कागजात पूरे हैं। ऐसे में रोडवेज कर्मचारी उनके साथ बिना किसी कारण विवाद करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार सुबह के समय हुई मारपीट भी रोडवेज कर्मी ने पहले शुरू की थी।
सीधीबात : आरटीए सचिव, लेखराज
सवाल- रोडवेजकर्मियों द्वारा आरटीए प्रशासन पर कागजात में कमी के बावजूद चालान करने का आरोप क्या सही है?
जवाब-रोडवेजकर्मियों के आरोप पूरी तरह से गलत हैं। जिन बसों के कागजात में कमी थी, उन सभी के चालान किए गए हैं।
सवाल-रूटपरमिट के बिना बसें दौड़ाने के आरोप कहां तक सही हैं?
जवाब-रूटपरमिट का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसलिए इस संबंध में फैसला आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

प्राइवेट चालकों के कागजात देखते आरटीए सचिव लेखराज।