- Hindi News
- ससुरालजनों पर प्रताड़ना का आरोप:कार्रवाई होने पर किया हंगामा
ससुरालजनों पर प्रताड़ना का आरोप:कार्रवाई होने पर किया हंगामा
कुरुक्षेत्र |पिहोवा के वार्ड 12 वासी एक युवती ने ससुरालियों पर दहेज के लिए मारपीट करने का आरोप लगाया। साथ ही मामले में पुलिस कार्यप्रणाली पर भी रोष जताया। पुलिस कार्रवाई से खफा युवती और परिजनों ने शुक्रवार को महिला सेल में जमकर हंगामा किया। साथ ही युवती ने महिला सैल के सामने ही आत्महत्या करने की धमकी दी। इसपर पुलिस में हलचल मच गई। मामला डीएसपी नुपूर बिश्नोई के पास पहुंचा। डीएसपी बिश्नोई ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब युवती परिजन शांत हुए। शिवकुमार ने बताया कि उसने अपनी बेटी अंजू की शादी 18 अप्रैल को अम्बाला के प्रदीप कुमार के साथ की थी। शादी में हैसियत से ज्यादा दहेज भी दिया। इसके बावजूद शादी के अगले दिन ही से उसे तंग किया जाने लगा। उन्होंने उधार पैसे लेकर मोटरसाइकिल भी दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति के एक युवती के साथ संबंध है। लेकिन यहां उनके चक्कर ही कटवाए जा रहे हैं। यहां तक उनकी फाइल भी गुम कर दी गई थी। जब डीएसपी नुपूर बिश्नोई से गुहार लगाई तो महिला सेल प्रभारी ने उनकी फाइल निकाली। इसके बाद एसपी सिमरदीप सिंह से भी गुहार लगाई। महिला सेल प्रभारी परमजीत कौर का कहना है कि उनपर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं। मामले को लेकर डीएसपी नुपूर बिश्नोई ने दोनों पक्षों को मंगलवार को बुलाया है।