- Hindi News
- रोहतक में जनसंघर्ष रैली के लिए सीपीएम ने जारी किए पोस्टर
रोहतक में जनसंघर्ष रैली के लिए सीपीएम ने जारी किए पोस्टर
भाजपा की राज्य केंद्र सरकारों की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) 14 फरवरी को रोहतक में राज्य स्तरीय ‘जन संघर्ष रैली’ कुरुक्षेत्र से कार्यकर्ता भाग लेंगे। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव महावीर दहिया ने पिहोवा में रैली का पोस्टर रिलीज करते हुए कहा कि भाजपा शासन के दौरान आम जनता और गरीब किसान-मजदूरों की दशा यूपीए शासन से भी खराब हुई है। यूरिया खाद की जान बूझकर कमी पैदा करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कुछ दिनों में यूरिया की कीमतों में वृद्धि करने के लिए सारा षडयंत्र रचा जा रहा है।
मनरेगा के तरह सभी आवेदकों को काम देने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, विद्यार्थियों की समस्याएं हल करने, महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने, बेरोजगारों को काम देने समेत भाजपा अपने सभी चुनावी वादों को लागू करने की बजाय धार्मिक जातिवादी भावनाएं भड़का कर जनता के बीच ध्रुवीकरण की खतरनाक राजनीति पर उतर आई है। मोदी सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण कानून को फिर से जन विरोधी बनाने संबंधी अध्यादेश जारी करने, हरियाणा-पंजाब में गेंहूं-धान की खरीद बंद करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य को खत्म करने, राशन प्रणाली को चौपट करने आदि ऐसे खतरनाक कदमों की शुरूआत है जो पूरे तौर पर साम्राज्यवाद परस्त कार्पोरेट सेक्टर को सीधा फायदा पहुंचाने की नीतियों के तहत उठाए गए हैं। इस मौके पर माकपा के जिला सदस्य कामरेड बावा सिंह, कामरेड प्रतापसिंह , पवन, राजकुमार, रामकुमार,अमन, सुशील शामिल थे।