एक फोन कॉल ने लुटने से बचा दिया एटीएम
शहरके मेन चौक के निकट अंबाला रोड पर स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम बीती रात लुटने से बाल-बाल बचा। एक राहगीर पुलिस की मुस्तैदी से एटीएम बचा। हालांकि बदमाश जरूर भाग निकले। 23 जनवरी के बाद बैंक को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की यह दूसरी घटना है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के इंतजार में है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
बताया जाता है कि चौक पर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ में रात दो से तीन बजे के बीच कुछ युवक घुस गए। इन लोगों ने शटर बंद कर लिया और मशीन को तोड़ने की कोशिश की। लेकिन जब काफी समय तक वे मशीन को नहीं तोड़ पाए तो मशीन को आग लगाकर जलाने की कोशिश की, ताकि कैमरे की रिकार्डिंग से बचा जा सके। तभी वहां से गुजर रहे एक युवक को शक हुआ। उसने तुरंत पुलिस को फोन किया। फोन पर तुरंत पुलिस का गश्ती दल उस तरफ पहुंचा। लेकिन बदमाशों को भी पुलिस के आने की भनक लग गई। जिस पर बदमाश वहां से भाग निकले।