कुरुक्षेत्र. पिहोवा| चुनाव आचार संहिता लगते ही अधिकारी भी सक्रिय हो गए है। नगरपालिका के सचिव निर्मल प्रकाश ने शहर से होर्डिंग हटवाए। पालिका सचिव ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर लगे फ्लैक्स और होर्डिंग को उतारने के लिए नगरपालिका की ओर से अभियान चलाया गया।
अवहेलना की तो होगी कार्रवाई
खंडविकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया का कहना है कि चुनाव आयोग के आदेशानुसार अवैध रूप से लगे पोस्टर, होर्डिंग एवं बैनर को उतारा जा रहा है। राजनीतिक नेताओं द्वारा इस प्रकार की प्रचार सामग्री केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही लगाने की अनुमति दी जाएगी। जो भी पार्टी का उम्मीदवार निवार्चन आयोग के आदेशों की अवहेलना करेगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आचार संहिता लगते ही होर्डिंग हटाते नगरपालिका कर्मचारी
पिपली-पिहोवा | प्रदेश में आचार संहिता के बाद प्रशासन की नजर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे नेताओं के पोस्टर, होर्डिंग पर गई। इन्हें हटाने के आदेश शुक्रवार को ही जारी हो चुके थे। लेकिन शनिवार को भी जिले में कई जगह पोस्टर बैनर पहले की भांति टंगे रहे। वहीं कई जगहों पर कर्मचारी इन्हें उतारते नजर आए।
निर्वाचन अधिकारी निखिल गजराज के आदेश पर कार्यकारी मजिस्ट्रेट और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया के नेतृत्व में गठित टीम ने पिपली क्षेत्र से खंबों, दीवारों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे विभिन्न राजनीतिक दलों के होर्डिंग उतारे और उन्हें ट्रैक्टर-ट्राॅली में ले गए। ग्रामीण क्षेत्रों में लगी प्रचार सामग्री को हटाने की जिम्मेदारी सरपंच और ग्राम सचिव को सौंपी है।
लाखों खर्चे : अब जाएंगे बेकार : विभिन्न दलों के नेताओं ने अपने प्रचार के लिए जहां भी जगह मिली, वहीं होर्डिंग्स टंगवा दिए। लाखों रुपए खर्च कर खाली दीवारों को पुतवाया। शहर में भाजपा कांग्रेस के कई दावेदारों के होर्डिंग लगे हुए थे। जिन्हें हटाया गया।