कुरुक्षेत्र । सोमवार को दिनभर ऑटो शहर में इधर से उधर दौड़ रहे थे, लेकिन अचानक दोपहर बाद ऑटो चालकों ने हड़ताल की घोषणा करते हुए ऑटो थाम दिए, जिससे शहर भी थम गया। यही नहीं ऑटो चालकों ने घोषणा भी कर दी कि उनकी हड़ताल अनिश्चितकालीन रहेगी। ऑटो थमने के चलते शहरवासियों और पर्यटकों का खासी दिक्कत हुई। बताया जाता है कि रविवार की रात पुराने बस स्टैंड के पास बाइक सवार तीन युवकों ने ऑटो चालक नवीन पर हमला किया। इन युवकों पर कई आपराधिक केस दर्ज हैं। इस हमले के विरोध में यूनियन को यह निर्णय लेना पड़ा।
पांव पर चढ़ाई बाइक, की मारपीट : ऑटो चालक नवीन कुमार ने बताया कि रविवार की रात को उसने पुराने बस स्टैंड के नजदीक ऑटो खड़ा किया था। रात को पास में स्थित पीर की दरगाह पर माथा टेकने के बाद जब वह वापस ऑटो के पास आया, तभी बाइक पर तीन युवक वहां पहुंचे। इन तीनों को वह पहचानता है। आरोप लगाया कि आते ही उन लोगों ने उसके पैर पर मोटरसाइकिल चढ़ा दी। जब उसने विरोध किया तो उन तीनों ने उस पर ताबड़तोड़ लात घूंसे बरसाए। जब अन्य ऑटो चालक उसे बचाने को आए तो उन्हें भी धमकी दी।
पुलिस प्रशासन आया हरकत में : जैसे ही ऑटो चालकों की हड़ताल की सूचना पुलिस प्रशासन को मिली, वह भी हरकत में गया। एसएचओ सिटी रामकुमार के मुताबिक शिकायत पर कार्रवाई होगी। पुलिस ने शिकायत मिलते ही जांच शुरू की। चालकों को मनाने का प्रयास किया जा रहा है।
खत्म नहीं हुई हड़ताल तो तंग होंगे हजारों पर्यटक : कुरुक्षेत्र महाभारत की धरा और गीता जन्मस्थली के तौर पर पूरे विश्व में पहचान रखता है। सीजन में रोजाना औसतन पांच हजार से ज्यादा पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण वे ऑटो से करते हैं। रोजाना पिपली, नए और पुराने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बिरलामंदिर चौक से सैकड़ों ऑटो तड़के ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं को लेकर ऐतिहासिक स्थलों पर निकलते हैं। इसके लिए बाकायदा ऑटो चालकों ने पैकेज भी बना रखे हैं।
अब यदि हड़ताल खींची तो सबसे ज्यादा पर्यटकों को तंग होना पड़ेगा। खुद ऑटो चालकों का भी नुकसान होगा। वहीं जिले में एक हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स ऑटो से कॉलेज और स्कूलों और कोचिंग सेंटर्स पर आना जाना करते हैं। ऐसे ही एक हजार से ज्यादा सरकारी और गैर सरकारी विभागों के कर्मचारी आना जाना करते हैं। हड़ताल से ये भी परेशान होंगे।
नहीं रोका तो निकाली हवा : जिन चालकों को हड़ताल की सूचना नहीं मिली, उन्होंने शहर में सवारियां भी बिठाई। ऐसे में ऑटो चालकों ने बस स्टैंड के सामने जबरन ऑटो से सवारियों को उतारा। जिन चालकों ने हड़ताल में शामिल होने को लेकर आनाकानी की, उनके ऑटो की हवा भी निकालनी चाही। हालांकि बाद में यूनियन पदाधिकारियों ने बीच बचाव किया।
करो अरेस्ट-वरना थमे रहेंगे ऑटो : जिले भर में करीब 4000 ऑटो हैं। ऑटो यूनियन ने सोमवार दोपहर बाद हड़ताल की घोषणा कर दी। गोवर्धन ने कहा कि मंगलवार सुबह से एक भी ऑटो नहीं चलेगा। सिटी में 27 स्टैंड हैं। हर स्टैंड पर हड़ताल की सूचना भेज दी है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी हड़ताल रहेगी। उनकी हड़ताल तब तक खत्म नहीं होगी, जब तक तीनों को गिरफ्तार नहीं किया जाता।
पहले भी कर चुके हैं हमला : ऑटोयूनियन प्रधान पार्षद गोवर्धन दास ने आरोप लगाया कि उन्होंने उक्त तीनों से बातचीत की। लेकिन वे उल्टे उसे ही धमकाने लगे। पहले भी तीनों आरोपी चालकों संग कई बार मारपीट कर चुके हैं। इनमें से एक पर तो मर्डर चालकों और सवारियों से लूटपाट के मामले दर्ज हैं। उक्त तीनों भी ऑटो चलाते हैं। लेकिन इनका एक ही ऑटो रजिस्टर्ड है। आए दिन किसी किसी संग ये लोग मारपीट करते हैं।
- कहा- कार्रवाई होने तक थमे रहेंगे ऑटो
- बीती रात हुई थी चालक के साथ मारपीट, कहा पहले भी कर चुके हैं आरोपी,
लूटपाट हमला , अनिश्चितकालीन रहेगी हड़ताल ।
(कुरुक्षेत्र| हड़ताल के कारण ऑटो स्टैंड पर खड़े ऑटो। )