- Hindi News
- पत्थर डालने के बाद सड़क निर्माण कार्य बंद, लोगों की परेशानी बढ़ी
पत्थर डालने के बाद सड़क निर्माण कार्य बंद, लोगों की परेशानी बढ़ी
पंूडरी सड़क पर खड़े होकर नारेबाजी करते ग्रामीण।
भास्कर न्यूज| पूंडरी
फरलसेखेड़ी-मटरवा तक बनाए जाने वाली सड़क के निर्माण का कार्य काफी समय से चल रहा है। विभाग द्वारा सड़क पर मिट्टी पत्थर तो डाल दिए, लेकिन अब उसे बीच में ही काम बंद कर दिया। जिससे सड़क पर दुपहिया वाहन चलना तो दूर पैदल भी नहीं चला जाता है। सड़क से पूरा दिन धूल उड़ती रहती है और पास से गुजरने वाले वाहनों के टायरों से उड़कर लगने वाले पत्थरों से कई लोग घायल भी हो चुके है। ग्रामीणों ने आज रोष स्वरूप विभाग सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और संबंधित ठेकेदार के समान को अपने कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक सड़क का कार्य शुरू नहीं हो जाता वे समान नहीं देंगे। ग्रामीण बाबूराम, रोशनलाल, देशराज, नसीब सिंह, मामचंद, धर्म सिंह, ईश्वर सिंह, संजू, प्रदीप, प्रवीण कुमार, रामनिवास, सोनू, वेदपाल, तेजपाल सिंह, अनिल कुमार, मुनीष कुमार, अंकित, रमनीत, दीपू, राजेश सुमित, अर्जुन, बलवान भाग सिंह ने बताया कि सड़क अधूरी पड़ी होने से बैलों के पांव खराब हो चुके है और पशुओं के लिए चारा लेकर आना भी मुश्किल हो गया है। बुग्गियों के टायर पत्थरों से फट रहे है। रास्ते की हालत को देखकर गांव में बाहर से आने वाले लोग भी गांवों आना पसंद नहीं करते हैं।
गांव से जोड़ने वाले रास्तों की हालत को देखते हुए कई बार तो कई युवकों के रिश्ते भी ये कहकर ठुकरा दिए कि गांव में रास्ते तो ठीक नहीं हैं। जिससे ग्रामीणों को अपने बच्चों के रिश्ते करने में भी सड़क बाधा बनती नजर रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र अगर सड़क का कार्य शुरू नहीं किया तो वे ढांड-पूंडरी मार्ग जाम कर देंगे।