बसंतपुरा में लगा निशुल्क शिविर, मरीजों की आंखों का किया उपचार
रादौर | गुरुरविदास आश्रम बसंतपुरा में रविवार को आंखों के निशुल्क कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में रूपरानी आई अस्पताल के डॉक्टर विवेक तलवाड़, डॉ. सिम्मी तलवाड़, डॉ. इंदू कपूर ने मरीजों की आंखें चेक की। साथ ही मरीजों को निशुल्क दवाएं भी दी गई। चेयरमैन पोलाराम ने बताया कि संस्था की ओर से हर महीने की 14 तारीख को गुरु रविदास आश्रम में आंखों के कैंप का आयोजन किया जाता है। जिससे क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। संस्था का उद्देश्य क्षेत्र के गरीब लोगों को गांव में ही अच्छे चिकित्सकों की सहायता से निशुल्क इलाज मुहैया करवाना है।
डॉ. विवेक तलवाड़ ने कहा कि हमें अपनी आंखों की सही देखभाल करनी चाहिए। आंखों को धूल मिट्टी से बचाना चाहिए। आंखों की बीमारी होने पर तुरंत चिकित्सक से इलाज करवाना चाहिए। मौके पर संजीव कुमार, प्रदीप पूर्णगढ़, संजीव कुमार, संदीप भोगपुर, राजकुमार, नवजीवन दौलतपुर, सुरेश दास, जगमाल सिंह हड़तान भी मौजूद थे।