छठे दिन गोगा माड़ी मेले में जुटी भीड़
रादौर के मेले में मौत के कुएं में अपने करतब दिखाते कलाकार।
रादौर| ऐेतिहासिकआठ दिवसीय जाहरवीर गोगा माड़ी मेले के छठे दिन अच्छी रौनक रही। शनिवार को 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने गोगा माड़ी की मजार पर माथा टेका और प्रसाद चढ़ाया। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए। मेले में मिक्की माउस, मौत का कुआं झूलों का श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद उठाया। वहीं मौत के कुआं से अनुराग राणा, सलमा पठान ने बताया कि युवाओं को नशे दूर रहकर अपनी कला को निखारने का काम करना चाहिए। मेले में झूले लेकर बदाऊं से आए रिंकू, धर्मेंद्र ने बताया कि बच्चे झूलों में बहुत उत्साह दिखा रहे हैं। दिल्ली से आए अब्दुल, आलम, आफताब ने बताया कि ड्रैगन ट्रेन ने भी बच्चों को मन मोह लिया। मेले में पंचायत की ओर से निरंकारी सत्संग भवन के पास दंगल का आयोजन करवाया गया। विजेता पहलवानों को रादौर सरपंच विनोद वर्मा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सरपंच ने बताया कि पंचायत की ओर से मेले में बरसाती पानी की निकासी कराने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं।