- Hindi News
- सरपंच के खिलाफ शिकायत देने पर भड़के लोगों ने थाने में किया हंगामा
सरपंच के खिलाफ शिकायत देने पर भड़के लोगों ने थाने में किया हंगामा
गांवसांगीपुरके एक व्यक्ति द्वारा गांव के सरपंच ईश्वरचंद के बारे में रादौर पुलिस को झूठी शिकायत देने पर ग्रामीण भड़क उठे। शनिवार को क्रोधित महिलाओं पुरूषों ने थाना रादौर का घेराव करते हुए प्रशासन के अधिकारियों से झूठी शिकायत करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज करने की मांग की। क्रोधित ग्रामीणों ने थाना परिसर में जमकर अपना रोष प्रकट किया। ग्रामीणों से बातचीत करने के लिए डीएसपी अजयराणा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पुलिस मामले को लेकर कड़ी जांच कर रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरपंच के विरुद्ध झूठी शिकायत पर कार्रवाई की गई तो ग्रामीण सड़कों पर आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। जिसके लिए प्रशासन के अधिकारी जिम्मेवार होंगे।
गांव सांगीपुर निवासी सुरता राम, रोशनलाल, बलजीत सिंह, मामोदेवी, तेजो देवी, कांता, शीला, बिमला देवी, अंग्रेजों देवी, बलबीर सिंह, लीला ने बताया कि गांव का बाबुखान शरारती किस्म का व्यक्ति है। जो गांव के हर सरपंच की शिकायतें करता रहा हैं। इसकी वजह से गांव में पार्टीबाजी का माहौल बन गया हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले बाबुखान के घर डाक द्वारा एक पत्र आया जिसमें बाबुखान उसके परिवार को सरपंच की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई थी। पत्र के नीचे सरपंच की मोहर हस्ताक्षर किए गए थे। जिसको लेकर बाबुखान ने थाना रादौर में सरपंच के विरुद्ध शिकायत दर्ज करवाई। ग्रामीणों का कहना है कि बाबुखान ने किसी ओर के मारफत गांव के सरपंच ईश्वर से धोखाधड़ी द्वारा कोरे कागज पर मोहर साइन करवाए हैं। सरपंच अनपढ़ हैं। जिसका लाभ उठाकर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया गया है। बाबुखान झूठी शिकायत के आधार पर सरपंच के विरुद्ध मामला दर्ज करवाना चाहता है। लेकिन गांव के लोग ऐसा नहीं होने देंगे।
उधर, बाबुखान ने कहा कि सरपंच ईश्वर उससे उसके परिवार से निजी दुश्मनी रखता है। सरपंच की ओर से उसे डाक द्वारा धमकी भरा पत्र भेजा गया हैं। जिस पर सरपंच के हस्ताक्षर मोहर भी लगी हुई हैं। वह इंसाफ के लिए न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएगा। उधर, डीएसपी अजय राणा ने कहा कि दोनों पक्षों को जांच के लिए थाने बुलाया गया हैं। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं।
रादौर. थानापरिसर में रोष प्रदर्शन करते गांव सांगीपुर के लोग।