- Hindi News
- 1509 किस्म जीरी के दाम 700 रुपए घटने से किसानों में रोष
1509 किस्म जीरी के दाम 700 रुपए घटने से किसानों में रोष
अनाजमंडीमें 1509 किस्म की जीरी के दामों में गिरावट आने से किसानों के चेहरों पर मायूसी छा रही है। 15 दिन पूर्व 1509 किस्म की जीरी 3200 से 3500 रुपए प्रति क्विंटल बिक रही थी। अब यह किस्म 2500 से 2800 रुपए बिक रही है, जिस कारण किसानों को प्रति एकड़ 15 से 18 हजार रुपए तक का नुकसान झेलना पड़ रहा है। पहले तो किसानों को बेमौसमी बारिश की मार झेलनी पड़ी थी, अब उन्हें 1509 किस्म की जीरी में गिरावट आने से दोहरी झटका लग रहा है।
किसान फूल सिंह, हरपाल, सतीश कांजनू, बलजीत बरहेड़ी, शीशपाल, रविंद्र, श्यामलाल, सतीश, बलजीत, गौरव का कहना है कि पहले तो बेमौसमी बरसात के कारण उनकी फसलें जमीन पर चादर की तरह बिछ गई थी। जिस कारण उनकी फसलों की निकासी प्रति एकड़ 5 से 6 क्विंटल कम हो रही है। अब व्यापारी जीरी में कमियां बताकर कम दामों में खरीद रहे हैं। वहीं मंडी व्यापारी जीरी के दामों में आई कमी के लिए मौसम को जिम्मेदार मान रहे हैं। व्यापारी बेमौसमी बरसात के कारण जीरी की गुणवत्ता में आई कमी के चलते जीरी की कीमतों में गिरावट की बात कह रहे हैं। अनाज मंडी प्रधान सुभाष जयपुर का कहना है कि गत वर्ष 1509 किस्म का दाम 4 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक बिका था। लेकिन अबकी बार 1509 किस्म की जीरी में आई गिरावट से 2800 से 2900 तक बिक रहा है।
भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष संजू गुंदयाना का कहना है कि 1509 किस्म के जीरी में व्यापारियों की साजिश के कारण दामों में कमी आई है। दामों में कमी आने के लिए मोदी सरकार जिम्मेवार हैं। अगर समय रहते प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो भारतीय किसान यूनियन कड़ा रूख अपनाएगी और वे किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे।
रादौर| जीरी का रेट गिरने से रोष प्रकट करते किसान।