- Hindi News
- मतदाता सूचियां लेकर तलाश रहे हैं रिश्तेदारियां
मतदाता सूचियां लेकर तलाश रहे हैं रिश्तेदारियां
विधानसभाचुनाव में अपने-अपने प्रत्याशियों की चुनावी नैया पार लगाने के लिए नेता और कार्यकर्ता इन दिनों मतदाता सूचियां लेकर हरियाणा के मतदाताओं की पंजाब में रिश्तेदारियां तलाश रहे हैं। ताकि उनसे कहलवा कर वोट लिए जा सकें।
रतिया विधानसभा के साथ पंजाब के बुढलाढा,सरदूलगढ़,लहरा गागा विधानसभा क्षेत्र साथ लगते हैं, जिनमें इन क्षेत्र के लोगों की रतिया में काफी रिश्तेदारियां जानकारियां हैं। इन्हीं संबंधों का लाभ चुनावों में उठाने की कोशिश की जा रही है। रतिया क्षेत्र पंजाब सीमा से सटा हुआ है। यहां से तीन किलोमीटर बाद पंजाब की सीमा शुरू हो जाती है। वैसे भी यह पंजाबी बाहुल क्षेत्र है। पंजाब के विभिन्न पार्टियों के नेता यहां चुनाव प्रचार के लिए रहे हैं ताकि उन पर पंजाबी होने का प्रभाव छोड़ सकें। इसके अलावा रतिया के ज्यादातर लोगों की रिश्तेदारियां पंजाब के बोहा, बरेटा, बुढलाडा, मानसा, संगरूर, लहरागागा, सुनाम, बठिंडा, सरदूलगढ़ शहरों गांवों में है। राजनीतिक पार्टियां वोटों के लिए उनकी रिश्तेदारियों को खंगाल रही हैं। नेता रिश्तेदारियों की दुहाई देने के साथ-साथ रिश्तेदारों से भी फोन करवा रहे है।
दोनों प्रदेशों के चुनावों का असर
सीमा से सटा होने के कारण दोनों प्रदेशों में होने वाले चुनावों का असर रतिया पर जरूर रहता है। पंजाब में यदि लोकसभा, विधानसभा, सरपंच या पार्षदों के चुनाव हों, रतिया में भी हलचल रहती है। पंजाब के नेता यहां पर वोट मांगने जरूर आते हैं, क्योंकि पंजाब के लोग यहां व्यापार करते हैं। इसी प्रकार हरियाणा में चुनाव होने पर पंजाब के बोहा, बरेटा, सरदूलगढ़, झनीर, लहरागागा कस्बों में चुनावी हलचल रहती है। और नेता वहां उनसे वोट मांगते हैं।