अंधड़ से बिछ गई धान की फसल
रतिया | तेजअंधड़ के कारण खेतों में लहलहाती धान की फसल जमीन पर बिछ गई है। किसानों को बिछी हुई धान की कटाई के लिए अतिरिक्त खर्चा करना पड़ेगा। किसानों का कहना है कि इससे फसल को नुकसान होगा। फसल गिर जाने से अच्छी तरह से पक नहीं पाएगी और दाने भी पूरी तरह से परिपक्व नहीं हो पाएंगे। किसान अमरीक सिंह, बलजिंद्र, सुखदयाल, हरचरण सिंह और बलबीर सिंह ने कहा कि अंधड़ से उनकी धान की फसल खेतों में बिछ गई है। जो धान खेतों में बिछा है, वह मशीन से नहीं काटा जा सकता। इसके लिए उन्हें अतिरिक्त मजदूरों की व्यवस्था करनी पड़ेगी। इससे धान के झाड़ में कमी आएगी। दूसरा कटाई में भी देरी होगी। इससे उनका फसली चक्र बिगड़ जाएगा।
भूना रोड पर अंधड़ से बिछी धान की फसल।