मारुति छोड़ जेन कार चुरा ले गए चोर
रतिया | आजादमार्केट से चोरों ने मंगलवार अल सुबह मार्केट में खड़ी जेन कार चुरा ली और उसके पास एक अन्य लाल रंग की मारूति कार छोड़ गये। सुबह दुकानदारों ने उनकी दुकानों के आगे खड़ी लावारिस कार की सूचना पुलिस को दी। वही आजाद मार्केट निवासी गुलशन मेहता ने अपनी जेन कार चोरी होनी की शिकायत पुलिस को दी है। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी अनूप कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस चोरी हुई कार के साथ साथ लावारिस मिली कार के मालिक को भी तलाश रही है। आजाद मार्केट निवासी गुलशन मेहता ने बताया कि उन्होंने अपनी जेन गाड़ी घर के पास खड़ी की थी। देर रात तक गाड़ी सुरक्षित खड़ी थी। सुबह देखा कि गाड़ी गायब थी। सूचना पुलिस को दी गई। उसी के पास एक लाल रंग की मारूति कार लावारिस हालत में खड़ी मिली है। माना जा रहा है कि चोर मारूति कार को लावारिस हालत मे छोड़कर जेन गाड़ी चुरा कर ले गये। पुलिस ने लावारिस खड़ी की गई कार कब्जे मे ले ली है। चुराई गई गाड़ी अच्छी हालत में है। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर जांच पड़ताल की तो नंबर फरीदाबाद का निकाला। पुलिस ने गाड़ी के मालिक की तलाश शुरू कर दी है। शहर चौकी प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।