चोरी के आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर
पुलिस ने नाहरका मोहल्ले में किरयाना की दुकान पर चोरी के आरोप में शनिवार को मोहल्ले के लखबीर सिंह कमलदीप को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को उपमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सतीश जांगड़ा की अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। आरोपियों के खिलाफ दुकानदार जगदीश कुमार की शिकायत पर चोरी के आरोप में केस दर्ज किया था।
दुकान मालिक जगदीश ने बताया कि कुछ दिन पहले ही रविदास जयंती को लेकर पड़ोस में कार्यक्रम था। इस दौरान इकट्ठा हुई दान की राशि कमेटी के लोगों ने उसके पास रख दी थी। इसके अलावा दुकान में दानपात्र भी रखा हुआ था। गुरुवार रात वह दुकान को बंद करके घर चला गया। रात को पड़ोस के लोगों ने चोरी की सूचना दी। दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दान की करीब बीस हजार रुपये की राशि गायब थी। चोर दुकान में रोशनदान के रास्ते घुसे। पुलिस ने इस मामले में मोहल्ले के कमलदीप लखबीर को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 1500 रुपये के सिक्के प्राइमरी स्कूल की छत से बरामद कर लिए जबकि अन्य राशि आरोपियों ने पंजाब के मानसा में छुपा दी। पुलिस ने पंजाब के मानसा में भी दबिश दी है। जांच अधिकारी राम चंद्र ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।