- Hindi News
- नप ने धर्मशाला को भेजा हाउस टैक्स, विवाद
नप ने धर्मशाला को भेजा हाउस टैक्स, विवाद
नगरपालिकाद्वारा पुराना बाजार में घग्घर नदी के किनारे बनी धर्मशाला को हाउस टैक्स का नोटिस भेजने पर विवाद हो गया। धर्मशाला की कार्यकारिणी के लोग नपा सचिव से मिले और धर्मशाला के नाम पर हाउस टैक्स भेजने पर आपत्ति जताई।
धर्मशाला कमेटी के प्रधान लाल सिंह, जगराज सिंह, रामदेव, सतपाल, अजमेर सिंह, नरेंद्र आदि ने कहा कि घग्घर नदी के किनारे घग्घर के नाम से धर्मशाला बनी हुई है, जो कि करीब 14 साल पुरानी है। नगरपालिका द्वारा धर्मशाला को घग्घर पब्लिक धर्मशाला के नाम से हाउस टैक्स का नोटिस भेजा गया है, जिसमें उन्हें करीब 3500 रुपये का हाउस टैक्स भरने के निर्देश दिए गए हैं। धर्मशाला कमेटी के सदस्यों ने कहा कि हाउस टैक्स में किसी स्कूल का जिक्र किया गया है, जबकि उनकी धर्मशाला में आज तक तो कोई स्कूल चला और ना ही कोई स्कूल से लेना-देना है। धर्मशाला का कभी टैक्स नहीं लगता और ना ही किसी धर्मशाला से टैक्स लिया जाता है। यह धर्मशाला जनहित में आसपास के लोगों द्वारा बनाई हुई है। उन्होंने टैक्स का नोटिस भेजने पर नगरपालिका के खिलाफ आपत्ति जताई। सदस्यों ने सचिव से इस पूरे मामले की जांच कर टैक्स का नोटिस वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि टैक्स माफ नहीं किया गया तो वे नगरपालिका के खिलाफ आंदोलन करेंगे। नगरपालिका सचिव राजा राम भुक्कल ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी।