- Hindi News
- लाखों खर्चने पर भी पेयजल को तरस रहे नहर काॅलोनीवासी
लाखों खर्चने पर भी पेयजल को तरस रहे नहर काॅलोनीवासी
नहरकॉलोनी में जलापूर्ति विभाग द्वारा जलघर पर पांच लाख रुपये खर्चने के बावजूद भी ट्रांसफार्मर के अभाव में काॅलोनीवासियों को पीने का पानी नसीब नहीं हो रहा है। हालांकि कई बार काॅलोनीवासी अधिकारियों से भी मिल चुके हैं। यह कॉलोनी रतिया ब्रांच नहर के किनारे बसी हुई है। नहर के किनारे होने के बावजूद भी काॅलोनीवासी पीने के पानी को तरस रहे हैं।
बता दें, नहर काॅलोनी में पेयजल समस्या को लेकर जलापूर्ति विभाग ने पिछले साल पांच लाख रुपये की लागत से सबमर्सिबल बोर करवाया था। बोर और बिजली कनेक्शन तो करवा दिया गया, लेकिन ट्रांसफार्मर के अभाव में पेयजल सप्लाई चालू नहीं हो पाई है। मौजूदा समय में काॅलोनी में दो किलोमीटर दूर लाली रोड के जलघर से से पीने के पानी की सप्लाई हो रही है। जलघर दूर होने की वजह से ज्यादातर लोगों के घरों तक पीने का पानी नहीं पहुंच पाता। गर्मियों में तो समस्या और भी गहरा जाती है। वार्ड के पार्षद देवेंद्र ग्रोवर काॅलोनीवासी कई बार ट्रांसफार्मर की मांग को लेकर बिजली निगम, सिंचाई विभाग अन्य विभागों के अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। काॅलोनीवासियों ने कहा कि जलघर के लिए ट्रांसफार्मर तो भेजा गया था, लेकिन वह ट्रांसफार्मर किसी दूसरी जगह लगा दिया गया है। ट्रांसफार्मर के अभाव में ही सबमर्सिबल पंप चालू नहीं हो पा रहा। यदि इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो सबमर्सिबल पंप के खराब होने का भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने मांग की है कि उनकी समस्या का समाधान किया जाए, ताकि गर्मियों के मौसम में उन्हें पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़े।
रतिया। नहर कालोनी में जलाअपूर्ति विभाग द्वारा वाटर वर्कस की इमारत।