पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • निजी बसों को रोडवेज यूनियन ने बस स्टैंड से किया बाहर, हंगामा

निजी बसों को रोडवेज यूनियन ने बस स्टैंड से किया बाहर, हंगामा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कर्मचारी नेता बोले, बिना परमिट नहीं चलने देंगे किसी भी निजी बस को

भास्करन्यूज | रतिया

रोडवेजकी ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने बुधवार को नए बस स्टैंड से बिना परमिट चल रही निजी बसों को बस स्टैंड प्रांगण से बाहर कर दिया। कर्मचारियों ने कहा कि वे इन बसों को रूट पर नहीं चलने देंगे। कमेटी के लोगों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से उक्त बसें बिना परमिट रतिया-टोहाना रूट पर चल रही हैं। अल्टीमेटम दिया कि अधिकारियों ने बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो 13 फरवरी को डीटीओ, आरटीओ टोहाना के डीआई का घेराव किया जाएगा। सूचना मिलने पर रोडवेज जीएम आरएस पूनिया अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। लेकिन मामला निपटा नहीं।

ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रधान सूबे सिंह, भागीराम, जयदेव, अनिल भाटिया, सूरजभान, शिव कुमार और जगदीश ने कहा कि रतिया से टोहाना रूट पर 7 निजी बसें चल रही हैं। इन निजी बसों के परमिट रद्द हो चुके हैं, लेकिन बस संचालक आरटीओ, डीटीओ टोहाना के डीआई से मिलीभगत कर बसों को चला रहे हैं, जिससे रोडवेज को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि उक्त बस संचालकों के पास 1993 के परमिट हैं। मौजूदा समय में प्रदेशभर में पुराने परमिटों को कैंसल कर बस संचालकों को मूल रूटों पर चलने की हिदायत दी गई है, लेकिन उक्त बसें रतिया-टोहाना रूट पर गैर कानूनी तरीके से चल रही हैं। बुधवार को रोडवेज कर्मचारियों ने उक्त बसों को बस स्टैंड में घुसने नहीं दिया। जो बसें काउंटर के पास खड़ी थीं, उन्हें खाली करवाकर बाहर भेज दिया। कर्मचारियों ने कहा कि यदि अधिकारियों ने उक्त बस संचालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की तो वे 13 फरवरी को आरटीओ, डीटीओ टोहाना के डीआई का घेराव करेंगे और किसी भी सूरत में इन बसों को नहीं चलने दिया जाएगा। निजी बसों को बाहर निकालने पर हंगामा खड़ा हो गया। निजी बसों के चालकों परिचालकों ने इसका विरोध किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बसों को नगरपालिका परिसर में रुकवाया गया, ताकि किसी प्रकार का कोई नुकसान हो। रतिया से टोहाना रूट पर 7 निजी बसें चलती हैं। बुधवार को उक्त बसें बंद होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बसें बंद होने से बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। यात्रियों ने कहा कि रोडवेज विभाग या तो निजी बसों को चालू करे या फिर रूट पर बसों की संख्या बढाए। सबसे ज्यादा परेशानी विद्यार्थी वर्ग को उठानी पड़ी। उन्होंने समस्या का समाधान होने पर रोड जाम की चेतावनी दी है।

निजी बसों के चालक परिचालक राजेंद्र वर्मा, अमरीक सिंह, हरजीत सिंह, लीला सिंह, सिकंदर, जस्सा सिंह, महेंद्र सिंह ने कहा कि रतिया-टोहाना रूट पर उनकी 7 बसें चल रही हैं। उनके पास बाकायदा इस रूट का परमिट है, लेकिन रोडवेज कर्मचारियों ने उनकी बसों के आवागमन को बंद कर दिया और उन्हें बस स्टैंड में नहीं घुसने दिया। खफा चालकों परिचालकों ने रोडवेज के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उनकी बसों के आवागमन को बंद करवाया है, उनके पास तो बसें बंद करने का कोई पत्र था और ना ही कोई आधार है।

रतिया। रोडवेज कर्मचारियों द्वारा निजी बसों को बस स्टैंड प्रांगण से बाहर निकालने पर रोष जताते निजी बस संचालक।