- Hindi News
- 2 करोड़ प्रति एकड़ मिलेगा तभी देंगे जमीन
2 करोड़ प्रति एकड़ मिलेगा तभी देंगे जमीन
भास्कर न्यूज | रेवाड़ी/बावल
दिल्ली-मुंबईऔद्योगिक कॉरिडोर परियोजना को लेकर बावल हलका के 16 गांवों की अधिग्रहित की जाने वाली 3600 एकड़ जमीन की मुआवजा राशि को लेकर बुधवार को बखापुर में महापंचायत हुई। पंचायत में किसानों दो टूक शब्दों में कह दिया कि जब यह जमीन एक प्रोजक्ट के तहत ली जा रही है, तो मुआवजा भी दो करोड़ रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मिलना चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा मुआवजा को लेकर गठित की गई कमेटी का स्वागत किया। पंचायत में प्रभावित प्रत्येक एक गांव से दो किसानों को कमेटी में शामिल करने का प्रस्ताव भी पारित किया। सरकार की तरफ से बावल विधायक डॉ. बनवारीलाल ने कहा कि सरकार किसी भी सूरत में किसानों के खिलाफ नहीं जाएगी। उनका हित सर्वोपरि है।
महापंचायत की अध्यक्षता करते हुए बनीपुर के प्रताप सिंह चौधरी ने कहा कि पिछले दो-चार दिनों में जिस तरह सरकार का रूख बदला है। उससे हमें उम्मीद हैं। हम शांति से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। हम सरकार के फैसले का इंतजार करेंगे। अगर सरकार ने किसानों के साथ अन्याय किया तो एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। इसी दौरान पंचायत में डॉ. बनवारीलाल ने सीएम मनोहरलाल खट्टर से हुई मुलाकात का ब्यौरा सामने रखा। उन्होंने कहा कि अगर फिर भी किसान अपनी जमीन देने के लिए तैयार नहीं हुए तो सरकार जबरन जमीन नहीं लेगी। वहीं पंचायत में प्रताप सिंह ने किसानों के बीच एक प्रस्ताव रखा।
पंचायत मे किसानों का कहना था कि सरकार द्वारा घोषित की गई मुआवजा राशि से 100 गज का प्लॉट भी नहीं खरीदा जा सकता। आसलवास के महंत आदित्यनाथ ने कहा कि पहले जहां कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ जुल्म किए, वहीं अब भाजपा सरकार भी किसानों के साथ धोखा कर रही है।
अगर किसानों के साथ धोखा होता रहा तो, फिर किसान चुप नहीं बैठेंगे। प्रस्ताव के अनुसार 16 गांवों में से प्रत्येक एक गांव से दो किसानों को शामिल कर एक कमेटी गठित की जाएगी। जो सरकार प्रशासन के साथ होने वाली प्रत्येक बातचीत में अपना पक्ष रखेगी। जिस पर पंचायत में सभी ने मोहर लगा दी।
रेवाड़ी. भूमिअधिग्रहण को लेकर गांव बखापुर में आयोजित महापंचायत में ग्रामीणों को संबोधित करते बावल के विधायक बनवारी लाल।