- Hindi News
- 61 की उम्र में साइकिल पर भारत देखने निकली कोरिन
61 की उम्र में साइकिल पर भारत देखने निकली कोरिन
उम्र61 साल, देश अमेरिका, लक्ष्य भारत भ्रमण वो भी साइकिल पर। एक अमेरिकी महिला की ये हिम्मत और हौसला ही उन्हें आकर्षण का केंद्र बना रहा है। दिल्ली से शनिवार को रेवाड़ी पहुंची कोरिन राईनहार्ड का कहना है कि घटनाओं से डरकर महिलाओं का घर में दुबक जाना ठीक नहीं।
घटनाएं तो हर जगह होती है
महिलासुरक्षा के मुद्दे पर जब कोरिन से पूछा गया कि महिला होकर अकेली घूमते हुए उन्हें डर नहीं लगता। कोरिन ने कहा कि घटनाएं तो हर जगह होती है। अमेरिका में भी महिलाओं के साथ घटनाएं होती हैं, लेकिन इसका मतलब यह तो नहीं कि हम दुबककर घर में बैठ जाएं। महिलाएं बुद्धिमता से अपने आप को ऐसी घटनाओं से बचा सकती हैं। अपनी बात को प्रभावशाली तरीके से रखने के लिए कोरिन ने अपने दोनों हाथों की अंगुलियों से अपने सर की ओर इशारा किया और कहा वूमेन! जस्ट यूज योर हेड, नो वन कैन रेप यू।
आधा दर्जन देशों को देख चुकी हैं साइकिल पर
यूएसएके कोलारेडो प्रांत की कोरिन राईनहार्ड दोपहर करीब 11 बजे चिल्हड़ होती हुई रेवाड़ी रही थी। साइकिल पर अकेली महिला को देखकर लोगों की नजर में उत्सुकता थी। चिल्हड़ अड्डे पर जैसे ही उनकी साइकिल ने कुछ देर आराम करने के लिए ब्रेक लिए, आसपास लोग एकत्रित हो गए। हर किसी के अपने सवाल थे और टूटी फूटी अंग्रेजी भाषा में उनसे सवाल किया जा रहा था। कोरिन भी बेझिझक लोगों को हंसकर उनके सवालों का जवाब दे रही थी। कोरिन से बातचीत की गई तो सामने आया कि वे भारत भ्रमण पर आई हैं और साइकिल पर ही भारत के ऐतिहासिक स्थलों को देखेगी। कोरिन ने बताया कि वह रोजाना 40 से 50 किमी. साइकिल चलाएगी और अपने करीब एक माह के भ्रमण के दौरान हरियाणा के बाद राजस्थान और उसके पश्चात गंगा किनारे के शहरों को देखेंगी। कोरिन बताती है कि उनको घूमने का शौक है और जब भी फुर्सत मिलती है दूसरे देशों की यात्रा पर निकल जाती है। इससे पहले साइकिल पर ही चीन, स्पेन, वियतनाम, थाईलैंड, चिली, इक्वाडोर, कोलम्बिया सहित अन्य जगहों का भ्रमण कर चुकी है।
चिल्हड़. 61वर्षीय अमेरिकी महिला कोरिन राईनहार्ड साईकिल पर भारत भ्रमण को निकली है।